देवघर के सिनेमा हॉल में मारपीट और रंगदारी मांगने वाले कुख्यात विकास पलिवार समेत 4 अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पास से पिस्तौल, जिंदा कारतूस और स्कॉर्पियो बरामद। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
झारखंड के देवघर जिले में पुलिस ने अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। देवघर नगर थाना क्षेत्र के एक सिनेमा हॉल (VIOROY Eyelex) में फिल्म देखने गए व्यापारी के बेटे के साथ मारपीट कर रंगदारी मांगने वाले कुख्यात अपराधी विकास पलिवार उर्फ भाखड़ बोस और उसके तीन साथियों को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में खदेड़ कर दबोच लिया। पुलिस ने इनके पास से अवैध पिस्तौल, जिंदा कारतूस और एक ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है। यह कार्रवाई सदर अस्पताल के पीछे हरिशरणम कुटिया के पास की गई।
मामले की शुरुआत 11 सितंबर 2026 की रात को हुई थी, जब अमरनाथ केसरी अपने बेटे और परिवार के साथ VIOROY Eyelex में फिल्म देखने गए थे। इसी दौरान मध्यांतर (इंटरवल) में कुख्यात अपराधी विकास पलिवार अपने तीन अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और अमरनाथ केसरी के बेटे के साथ मारपीट करते हुए रंगदारी की मांग करने लगा।
इस घटना के संबंध में पीड़ित के लिखित आवेदन पर नगर थाना कांड संख्या-357/26, दिनांक 12.09.2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया था।
पुलिस टीम लगातार संदिग्धों की तलाश और पूछताछ में जुटी थी। इसी बीच 13 सितंबर 2026 को करीब दोपहर 3:00 बजे पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त अपने सहयोगियों के साथ हथियारों से लैस होकर एक ब्लैक स्कॉर्पियो (पंजीयन संख्या- JH15AR2703) में सवार होकर सदर अस्पताल क्षेत्र में घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर अस्पताल के पास हरिशरणम कुटिया के पीछे घेराबंदी कर चारों आरोपियों को खदेड़ कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद किए। विकास पलिवार उर्फ भाखड़ बोस (पिता- कार्तिक पलिवार, शिवगंगा लेन, देवघर) - इसके कमर के बाएं तरफ से एक पिस्टल बरामद हुई।
ऋषभ राज उर्फ ऋषभ केसरी (पिता- पंकज केसरी, जलसार रोड, देवघर) - इसके कमर के बाएं तरफ से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस (7.65 एमएम) बरामद हुए। सौरभ कुमार श्रृंगारी (पिता- पूर्णानंद श्रृंगारी, पंडित बी.एन. झा पथ, देवघर) - इसके पहने हुए पैकेट से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। प्रशांत कुमार झा (पिता- स्व. अजय झा, करनीबाग, कुंडा, देवघर) - इसके पैंट के दाहिने पॉकेट से दो जिंदा कारतूस (7.65 एमएम) बरामद हुए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कॉर्पियो (JH15AR2703) को भी जब्त कर लिया गया है। इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या-358/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार अभियुक्त एक कुख्यात संगठित अपराध गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। इनका मुख्य पेशा अवैध आग्नेयास्त्रों का भय दिखाकर दुकानदारों और राहगीरों से छिनतई करना, रंगदारी वसूलना तथा डरा-धमकाकर जमीन पर कब्जा करना है। इन अपराधियों के खिलाफ पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस इस गिरोह के अन्य सहयोगियों (अनुभव नरौने, छोटू श्रृंगारी, आस्तिक पलिवार और मोनू पंडित) की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822