देवघर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर 8-9 अगस्त को सभी पोलिंग बूथों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। 15 अगस्त को ग्राम सभा और 22-23 अगस्त को दूसरा कैंप लगेगा।

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची के निर्माण को लेकर रणनीति तय की गई।

 

उपायुक्त ने बताया कि मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन 5 अगस्त को किया जा चुका है। मतदाताओं की सुविधा के लिए 8 और 9 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में मतदाता नए नाम जोड़ने और परिवार के सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने का आवेदन दे सकते हैं।

 

पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आगे की प्रक्रिया इस प्रकार है।

15 अगस्त : राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर ग्राम सभा का आयोजन।

22 और 23 अगस्त : दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने के लिए मतदान केंद्रों पर द्वितीय विशेष कैंप।

 

25 अगस्त से 4 सितंबर: बीएलओ (BLO) द्वारा 'होम टू रोल वेरिफिकेशन' अभियान और सभी घरों पर 'फैमिली टुगेदर' (एक परिवार-एक साथ) का स्टीकर चिपकाने का कार्य।

 

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे आयोजित होने वाले शिविरों और ग्राम सभाओं में सहयोग प्रदान करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।

 

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

.................................................................................


Voter List Special Intensive Revision, SIR Deoghar, Sourav Kumar Bhuwania, Deoghar Collectorate Meeting, Voter Registration Camp Deoghar, Electoral Roll Update