देवघर राजकीय श्रावणी मेला 2026 में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए बाघमारा और कोठिया में निःशुल्क टेंट सिटी बनाई गई हैं। यहां पेयजल, बिजली, शौचालय और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
- स्वच्छता अभियान के तहत टेंट सिटी में 24 घंटे सफाई की विशेष व्यवस्था
- पेयजल, शौचालय, बिजली और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों से रखी जा रही नजर

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
राजकीय श्रावणी मेला 2026 के शुरू होते ही देवघर में श्रद्धालुओं का आगमन तेजी से बढ़ गया है। मेले के दौरान होटलों और धर्मशालाओं में जगह न मिलने के कारण श्रद्धालुओं को ठहरने में होने वाली परेशानियों को देखते हुए प्रशासन ने टेंट सिटी का निर्माण कराया है।
इस वर्ष बाघमारा में एक और कोठिया में दो स्थानों पर टेंट सिटी बनाई गई हैं। इन टेंट सिटी में ठहरने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवासन पूरी तरह से निःशुल्क है।

स्वच्छ देवघर, स्वस्थ देवघर अभियान के तहत टेंट सिटी में 24 घंटे सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए शौचालय, शुद्ध पेयजल (आरओ वाटर), बिजली, पंखे, बेड, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, स्नानघर और अग्निशमन यंत्र जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

सुरक्षा व्यवस्था और हेल्प डेस्क
टेंट सिटी में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके जरिए 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता उपलब्ध कराने के लिए हेल्प डेस्क भी बनाया गया है। कटिहार (बिहार) से आए श्रद्धालु शंकर, निवेश और आनंद ने बताया कि टेंट सिटी में मिलने वाली सुविधाओं से उन्हें काफी सहूलियत हुई है। होटल जैसी सुविधाएं निःशुल्क मिलने से उनके यात्रा खर्च में भी कमी आई है। उन्होंने सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया।
..............................................................................................................................
देवघर श्रावणी मेला 2026, श्रावणी मेला टेंट सिटी, देवघर फ्री टेंट सिटी, बाघमारा टेंट सिटी, कोठिया टेंट सिटी, देवघर कांवरिया सुविधाएं, देवघर समाचार

