देवघर में श्रावणी मेला की दूसरी सोमवारी पर 4 लाख श्रद्धालुओं का सैलाब। बाबा बैद्यनाथ मंदिर की ओर दौड़ते कांवरियों की अद्भुत तस्वीरें। देखें प्रशासनिक व्यवस्था और रूटलाइन का पूरा अपडेट।

 

तरुण कुमार कंचन, देवघर।

 

राजकीय श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। मंदिर और आसपास के पूरे इलाके में करीब चार लाख श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमी हुई है। इस बीच कांवरिया पथ से सामने आई तस्वीरों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया है—हाथों में गंगाजल लिए 'हर-हर महादेव' के उद्घोष के साथ सीधे मंदिर की ओर दौड़ लगाते कांवरियों का यह दृश्य देखते ही बन रहा है। हर कदम बाबा के चरणों में समर्पित करते इन शिवभक्तों की दीवानगी और इस अनोखे दृश्य को देख हर कोई हैरान है।

 

सेवा भाव से मुस्तैद रहें अधिकारी

 

श्रद्धालुओं के इस भारी जनसैलाब को देखते हुए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने अहले सुबह ही नंदन पहाड़ से लेकर मंदिर परिसर और पूरे रूटलाइन का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे पूर्ण धैर्य और 'सेवा भाव' के साथ श्रद्धालुओं की सहायता करें। संवेदनशील बिंदुओं पर पुलिस टीम को लगातार एक्टिव मोड में रहने को कहा गया है ताकि कतार प्रबंधन सुचारू बना रहे।

 

स्वास्थ्य सुविधा और पार्किंग के कड़े इंतजाम

 

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सूचना केंद्र, मातृत्व विश्राम गृह, पुलिस ओपी और स्वास्थ्य कैंपों की व्यवस्था परखी। स्वास्थ्य शिविरों में 24 घंटे जीवनरक्षक दवाएं और एम्बुलेंस तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, शहर को जाम से बचाने के लिए सख्त पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है। श्रद्धालुओं के लिए रूटलाइन में बने होल्डिंग पॉइंट्स और क्यू कॉम्प्लेक्स में पानी, बिजली और मिस्ट कूलिंग की व्यवस्था को लगातार दुरुस्त रखने की हिदायत दी गई है।

 

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

...................................................................................................

 

देवघर श्रावणी मेला 2026, बाबा बैद्यनाथ मंदिर तस्वीरें, देवघर कांवड़ यात्रा, श्रावणी मेला दूसरी सोमवारी, देवघर न्यूज, Devghar Shravani Mela Photo, Baba Baidyanath Dham Photo Feature