धनबाद में भाजपा की तिरंगा यात्रा के दौरान पार्टी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। जिला मंत्री और पूर्व पदाधिकारी के बीच मारपीट के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। प्रदेश नेतृत्व ने मांगी रिपोर्ट।


धनबाद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा धनबाद में आयोजित ‘तिरंगा यात्रा’ के दौरान पार्टी का अंदरूनी कलह और गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। यात्रा के दौरान पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी आपस में ही उलझ गए, जिससे जमकर मारपीट हुई और संगठन का अनुशासन तार-तार होता नजर आया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत जिला मंत्री रीता प्रसाद और पार्टी के पूर्व पदाधिकारी अमरजीत कुमार के बीच हुई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई। घटना के बाद स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंच गई है।


गुटबाजी और वर्चस्व की जंग

सूत्रों के अनुसार, यह झड़प केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि धनबाद भाजपा के दो प्रमुख गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम है। बताया जा रहा है कि कोयला कारोबारी कुंभनाथ सिंह और धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा के समर्थकों के बीच यह हिंसक टकराव हुआ है।


प्रदेश नेतृत्व ने मांगी रिपोर्ट


घटना के बाद महानगर अध्यक्ष सरवन राय मामले को शांत कराने और पार्टी स्तर पर सुलझाने के प्रयास में जुट गए हैं। वहीं, पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस घटना की पूरी जानकारी प्रदेश नेतृत्व को दे दी गई है। प्रदेश संगठन ने धनबाद जिला इकाई से मामले पर स्पष्टीकरण और विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।


उठ रहे अनुशासन पर सवाल


इस घटना ने धनबाद भाजपा में अनुशासन और सांगठनिक क्षमता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल के दिनों में धनबाद भाजपा के अंदर ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनसे पार्टी की छवि को भारी नुकसान पहुंचा है और स्थानीय नेतृत्व को असहज होना पड़ा है।

..........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822