धनबाद के मध्य विद्यालय बरमसिया की प्रभारी प्रधानाध्यापक मुनमुन भट्टाचार्य को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया। झारखंड से यह सम्मान पाने वाली वह एकमात्र शिक्षिका हैं।


नई दिल्ली/धनबाद। धनबाद के शिक्षा जगत के लिए शनिवार का दिन बेहद ऐतिहासिक और गर्व से भरा रहा। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने धनबाद के मध्य विद्यालय बरमसिया की प्रभारी प्रधानाध्यापक मुनमुन भट्टाचार्य को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया।


इस वर्ष पूरे झारखंड राज्य से मुनमुन भट्टाचार्य ही एकमात्र ऐसी शिक्षिका हैं, जिन्हें इस सर्वोच्च सम्मान के लिए चुना गया है।

धनबाद जिले के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि पूरे 27 साल के लंबे इंतजार के बाद यह राष्ट्रीय सम्मान किसी शिक्षक की झोली में आया है। इससे पहले वर्ष 1999 के लिए शिक्षिका सुरेश कुमारी मेहता को 5 सितंबर 2000 को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।


मुनमुन भट्टाचार्य को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने की खबर मिलते ही धनबाद के शैक्षणिक गलियारों में खुशी की लहर दौड़ गई। विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों, विद्यार्थियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इसे पूरे जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है।

पुरस्कार ग्रहण करने के उपरांत मुनमुन भट्टाचार्य ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि "यह मेरे जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है। यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि मेरे विद्यार्थियों, सहयोगियों और पूरे धनबाद जिले का है। राष्ट्रपति महोदया के हाथों पुरस्कार पाना मेरे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है और यह मुझे शिक्षा के क्षेत्र में और भी बेहतर कार्य करने की निरंतर प्रेरणा देगा।"


मुनमुन भट्टाचार्य के इस नवाचारी शिक्षण दृष्टिकोण और उत्कृष्ट योगदान ने न केवल उनके विद्यालय बल्कि पूरे राज्य का नाम देशभर में रोशन किया है।


Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822