धनबाद के कतरास स्थित छाताबाद में भयावह भू-धंसान से 20 फीट जमीन धंसी और 10 घर जमींदोज हो गए। सीढ़ी की मदद से 8 लोगों को बचा निकाला गया, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है।

 

धनबाद। कोयलांचल के कतरास क्षेत्र (बाघमारा) स्थित छाताबाद में शुक्रवार शाम भू-धंसान की एक बेहद भयावह घटना सामने आई। अचानक करीब 20 फीट जमीन धंसने से 10 से अधिक मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गए। हादसे के वक्त अचानक आए इस जोरदार झटके से पूरे इलाके में भूकंप जैसा अहसास हुआ और अफरा-तफरी मच गई।

 

हादसे में मोहम्मद सज्जाद के परिवार के 8 सदस्य मलबे के बीच फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सीढ़ी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में अपने घर में सो रही हुस्ना बानो के सिर पर दीवार गिर जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

 

इस भू-धंसान से मोहम्मद सज्जाद, मोहम्मद नईम, मोहम्मद रियाज, मोहम्मद मुर्तजा, मोहम्मद कलाम, मोहम्मद इमामुल, सगीर खान, सबुल खान और मोहम्मद हसनैन खान सहित कई अन्य परिवारों के आशियाने पूरी तरह तबाह हो गए हैं।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बीसीसीएल (BCCL) की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि बारिश के मौसम में कोयलांचल के इस क्षेत्र में अक्सर भू-धंसान की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिससे पूरे छाताबाद इलाके में दहशत का माहौल है।

.............................................................................

 

धनबाद भू-धंसान, छाताबाद कतरास धनबाद, बाघमारा लैंड सब्सिडेंस, बीसीसीएल धनबाद समाचार, धनबाद हादसा, कोयलांचल न्यूज