दुमका पुलिस केंद्र में तैनात 57 वर्षीय एएसआई ओम प्रकाश पासवान 12 अगस्त की रात से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं। नगर थाने में गुमशुदगी की सनहा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


दुमका। दुमका पुलिस केंद्र में पदस्थापित 57 वर्षीय सहायक अवर निरीक्षक (ASI) ओम प्रकाश पासवान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। वह 12 अगस्त की रात करीब 7:45 बजे से लापता हैं। इस संबंध में पुलिस अवर निरीक्षक (SI) योगेश्वर उरांव के लिखित आवेदन पर नगर थाने में गुमशुदगी की सनहा (डायरी एंट्री) दर्ज कर ली गई है और पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एएसआई ओम प्रकाश पासवान 12 अगस्त की रात अपने बैरक (आवासन) से सरकारी मेस में खाना खाने के लिए निकले थे। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटे, तो उनके साथियों ने खोजबीन शुरू की। रातभर सहकर्मियों द्वारा संभावित ठिकानों पर तलाश किए जाने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

 

शारीरिक रूप से कमजोर हैं एएसआई

 साथी पुलिसकर्मियों ने बताया कि एएसआई पासवान शारीरिक रूप से काफी कमजोर हैं। उनके अचानक इस तरह गायब होने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

 

बिहार के मुंगेर जिले के रहने वाले हैं एएसआई

 

लापता एएसआई ओम प्रकाश पासवान मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र स्थित खादीग्राम (नुमर गांव) के निवासी हैं। घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद से परिवार में चिंता का माहौल है। फिलहाल दुमका नगर थाने की पुलिस आसपास के इलाकों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए लापता एएसआई की तलाश में जुटी हुई है।

..........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822