बासुकीनाथ धाम से पूजा कर लौट रहे श्रद्धालुओं का ऑटो जरमुंडी में पलटा। हादसे में मोतिहारी की 60 वर्षीया महिला कांवरिया सरस्वती देवी की मौत, परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव ले गए।


 दुमका । जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिहार की महिला कांवरिया की जान चली गई। बासुकीनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर लौट रही 60 वर्षीया सरस्वती देवी ऑटो पलटने से गंभीर रूप से घायल हो गई थीं, जिनकी इलाज के दौरान फुलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीजेएमसीएच) में मौत हो गई। मृतका बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के सलेमपुर गांव की निवासी थीं।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका अपने परिजनों और ग्रामीणों के साथ बाबा बैद्यनाथ और बासुकीनाथ धाम में जलाभिषेक करने आई थीं। शनिवार की देर शाम सभी श्रद्धालु ऑटो में सवार होकर जसीडीह स्टेशन की ओर लौट रहे थे। परिजनों का आरोप है कि ऑटो चालक अत्यधिक शराब के नशे में था, जिससे जरमुंडी के समीप उसका वाहन से नियंत्रण छूट गया और ऑटो सड़क के बीचों-बीच पलट गया। इस दुर्घटना में ऑटो के नीचे दबने से सरस्वती देवी गंभीर रूप से चोटिल हो गईं।

 

घटना के बाद पुलिस की मदद से घायल महिला को तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीजेएमसीएच रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इधर, रविवार की सुबह मौत की सूचना पर जब नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची, तो परिजन पुलिसिया कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराए बिना ही निजी एंबुलेंस से शव लेकर अपने गांव के लिए रवाना हो चुके थे।

...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822