दुमका के रामगढ़ प्रखंड स्थित पूर्णिया गांव में बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से किरण कुमारी नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।


दुमका (नोनीहाट)। रामगढ़ प्रखंड की लतबेरवा पंचायत स्थित पूर्णिया गांव में रविवार को आकाशीय बिजली (वज्रपात) की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान 28 वर्षीय किरण कुमारी (पति मोहन सिंह) के रूप में की गई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय किरण कुमारी खेत में धान का बिचड़ा उखाड़ रही थीं। इसी बीच अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए जब वह अपने घर की ओर लौट रही थीं, तभी आधे रास्ते में तेज गर्जन के साथ आकाशीय बिजली सीधे उन पर आ गिरी। वज्रपात की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


मृतका का विवाह कुछ वर्ष पूर्व गोड्डा जिले के निवासी मोहन सिंह के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही दोनों पूर्णिया गांव में ही रह रहे थे। किरण कुमारी अपने पीछे दो छोटे मासूम बच्चों सत्यम कुमार (7 वर्ष) और प्रियांशु कुमार (4 वर्ष) को छोड़ गई हैं। मां की अचानक हुई मौत से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।


हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे पूर्णिया गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।