जमुई के खैरा में प्रेम विवाह करने पर परिजनों ने बालिग बेटी से सारे रिश्ते तोड़ते हुए उसका प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर दिया। सिर मुंडवाकर अंतिम रस्म निभाने का वीडियो वायरल।

ए. आलम, जमुई।

जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र में एक युवती द्वारा प्रेम विवाह करने से नाराज परिजनों ने उससे सभी सामाजिक संबंध तोड़ लिए हैं। घर से भागकर प्रेमी संग शादी करने पर परिवार वालों ने गांव में युवती की प्रतीकात्मक अर्थी सजाकर अंतिम संस्कार किया और सिर मुंडवाकर उसे अपने लिए मृत घोषित कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि कंचन क्रांति इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।

जानकारी के अनुसार, युवती कुछ दिन पूर्व अपने ही गोतिया के प्रेमी संग फरार हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस छानबीन कर रही थी, तभी 2 अगस्त को युवती ने थाने पहुंचकर खुद को बालिग बताते हुए अपनी मर्जी से प्रेमी संग रहने की बात कही। मेडिकल जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद पुलिस ने उसे जाने दिया। इसके बाद 3 अगस्त को दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली।

विवाह की खबर मिलते ही 4 अगस्त को परिजनों ने गांव में अंतिम संस्कार की रस्में निभाईं। बताया जा रहा है कि परिवार अब उसके श्राद्ध कर्म की तैयारी कर रहा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि युवती बालिग है और उसे अपनी पसंद से विवाह करने का संवैधानिक अधिकार है। क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

............................................................................................

Jamui News, Love Marriage, Viral Video, Symbolic Funeral, Khaira Police Station, Jamui Love Marriage Viral Video, Bihar News