बिहार के भोजपुर निवासी इंजीनियर प्रशांत कुमार ने बाढ़ पीड़ितों के लिए 'फ्लोटिंग वॉटर स्टेशन' बनाया है। पटना के नकटा दियारा में इससे रोजाना 3-4 हजार लीटर साफ पेयजल सप्लाई हो रहा है। जानिए इस तकनीक की खासियत।


पटना। बिहार में बाढ़ के दौरान जब गांव-गांव जलमग्न हो जाते हैं और संपर्क मार्ग टूट जाते हैं, तब लोगों के सामने सबसे विकराल समस्या आती है सुरक्षित और शुद्ध पीने के पानी की। इस चुनौती से निपटने के लिए भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड स्थित बभनगांवा निवासी अपसाइक्लिंग आर्टिस्ट और इंजीनियर प्रशांत कुमार ने एक नवोन्मेषी समाधान पेश किया है।


प्रशांत कुमार ने 'फ्लोटिंग वॉटर स्टेशन' (तैरता हुआ जलशोधन केंद्र) तैयार किया है, जो वर्तमान में पटना जिले के नकटा दियारा क्षेत्र में बाढ़ पीड़ितों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचा रहा है।


यह फ्लोटिंग स्टेशन बाढ़ के पानी के ऊपर तैरते हुए लगातार जल का शोधन करता है। प्रशांत कुमार के अनुसार लगभग 5 लाख रुपए (वाटर प्यूरीफायर और 2 कमरों की पूरी यूनिट के साथ) इसकी लागत आती है। इसकी क्षमता प्रतिदिन 3,000 से 4,000 लीटर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की है। इससे रोजाना औसतन 150 लोगों की पेयजल की जरूरतें पूरी हो रही हैं।


इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पारंपरिक रिवर्स ऑस्मोसिस (RO) तकनीक का इस्तेमाल नहीं किया गया है। RO सिस्टम में पानी की भारी बर्बादी होती है, जबकि इस विशेष प्यूरिफिकेशन सिस्टम से बिना पानी व्यर्थ किए सीधे स्वच्छ पेयजल तैयार होता है।


इस स्टेशन की देखरेख और पानी की निर्बाध आपूर्ति के लिए स्थानीय गांव के ही एक व्यक्ति को मोटर चलाने और टंकी भरने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बक्सर में पहला 'फ्लोटिंग हाउस' बनाया गया, जिसे बाढ़, भीषण गर्मी और आंधी-तूफान के बीच परखा गया।

महुली गंगा घाट पर इसका सफल परीक्षण किया गया।

पटना जिले के नकटा दियारा में फ्लोटिंग वॉटर स्टेशन के रूप में बाढ़ पीड़ितों की सेवा में तैनात। इस यूनिट में स्वयंसेवकों के रुकने और एक बुनियादी रसोई (Kitchen) का भी इंतजाम किया गया है।


प्रशांत कुमार का विजन केवल पानी तक सीमित नहीं है। वे अगले चरण में इस तैरते हुए ढांचे के एक हिस्से को 'फ्लोटिंग प्राइमरी हेल्थ सेंटर' (तैरता हुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) के रूप में विकसित करने पर काम कर रहे हैं।

इसके शुरू होने से बाढ़ में कटे हुए गांवों तक डॉक्टर और जरूरी दवाएं सीधे नाव या फ्लोटिंग स्टेशन के जरिए पहुंचाई जा सकेंगी।



सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822