गोड्डा में उपायुक्त की अध्यक्षता में रक्तदान समिति की बैठक। हर माह 150-180 यूनिट रक्त जुटाने और थैलेसीमिया मरीजों को निःशुल्क रक्त देने का बड़ा निर्णय।

कंचन क्रांति न्यूज़, गोड्डा।

जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और ब्लड बैंकों में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में प्रशासन ने एक अहम कदम उठाया है। सिविल सर्जन कार्यालय में उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में 'रक्तदान जागरूकता एवं अनुश्रवण समिति' की एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने और जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।

थैलेसीमिया मरीजों को मिलेगा निःशुल्क रक्त

बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में थैलेसीमिया पीड़ितों को बड़ी राहत देना रहा। इस दौरान यह निर्णय लिया गया कि थैलेसीमिया मरीजों के लिए हर हाल में निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जाएगा। इसके तहत निजी 'संजीवनी ब्लड सेंटर' के माध्यम से प्रत्येक माह कम से कम 20 थैलेसीमिया मरीजों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया है।

हर माह 150 से 180 यूनिट रक्त जुटाने का लक्ष्य

स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले में हर माह 150 से 180 यूनिट रक्त की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त ने सभी सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों को हर छह महीने में कम से कम एक रक्तदान शिविर आयोजित करने पर जोर दिया। इसके अलावा अडाणी फाउंडेशन, ईसीएल और विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों को प्रत्येक चार माह में रक्तदान शिविर लगाने के लिए रूपरेखा तैयार करने को कहा गया।

ग्रामीण स्तर पर जागरूकता और प्रोत्साहन

रक्तदान के प्रति आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए ग्राम स्तर पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इसके लिए अनुमंडल स्तर पर ग्राम प्रधानों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही, रक्तदान करने वाले दाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें रिफ्रेशमेंट, प्रमाण-पत्र और टोकन उपहार दिए जाएंगे।

 बैठक में ब्लड सेंटर के भीतर रक्त जांच और संग्रहण के लिए आवश्यक उपभोग्य सामग्रियों (कंस्यूमेबल्स), टेस्टिंग किट और अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रक्त की कमी को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ औद्योगिक घरानों, बैंकों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग बेहद जरूरी है।

इस बैठक में डीएसपी मुख्यालय जेपीएन चौधरी, सिविल सर्जन डॉ. एससी शर्मा, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. ताराशंकर झा, जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जय शंकर सहित तमाम प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।

रिपोर्ट जितेंद्र कुमार दुबे

.....................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822