गोड्डा के मेहरमा थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची की मौत। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, पुलिस जांच में जुटी।
कंचन क्रांति न्यूज़, गोड्डा।
मेहरमा थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव में एक 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।
चौकी पर बेसुध मिली बच्ची
जानकारी के अनुसार, मृतका दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर थी। उसके पिता प्रदीप मंडल परिवार के भरण-पोषण के लिए दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना के समय जब नाबालिग का छोटा भाई घर पहुंचा, तो उसने अपनी बहन को चौकी पर बेसुध अवस्था में पाया। भाई ने उसे जगाने का प्रयास किया और दो-तीन बार आवाज भी दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसने तुरंत परिजनों को इसकी सूचना दी।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजनों ने जब पास जाकर देखा तो बच्ची की धड़कन नहीं चल रही थी। आनन-फानन में परिवार के लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहरमा ले गए, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. ऋषभ ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर के निर्देश पर एएसआई मनुकांत मंडल पुलिस बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से पूरी घटना की जानकारी ली और मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
रिपोर्ट जितेंद्र कुमार दुबे
.....................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822