राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग (NCH) ने गोड्डा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज को सत्र 2026-27 के लिए 63 BHMS सीटों पर दाखिले की सशर्त अनुमति दे दी है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
कंचन क्रांति न्यूज, रांची।
राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग (NCH) ने राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (परसपानी, गोड्डा) को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए BHMS पाठ्यक्रम जारी रखने की औपचारिक स्वीकृति दे दी है। आयोग ने शिकायत निवारण समिति (GRC) की सिफारिश पर EWS कोटा सहित कुल 63 सीटों पर नामांकन की मंजूरी दी है। इससे पूर्व 22 जुलाई 2026 को मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARBH) ने फैकल्टी और इंफ्रास्ट्रक्चर की कमियों के कारण कॉलेज की अनुमति निरस्त कर दी थी।
मान्यता रद्द होने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और विभाग ने दिल्ली में NCH के समक्ष मजबूती से पक्ष रखा। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने आयोग को कमियां दूर करने का लिखित आश्वासन दिया, वहीं NHM झारखंड ने 53 पदों पर बहाली की प्रक्रिया शुरू की। राज्य सरकार के इन ठोस कदमों और शपथ पत्र की समीक्षा के बाद आयोग ने अनुमति निरस्त करने के अपने पुराने आदेश को रद्द करते हुए 63 सीटों पर दाखिले का रास्ता साफ कर दिया।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, "विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रखना हमारी पहली प्राथमिकता है। सरकार कॉलेज की सभी कमियों को दूर कर इसे राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप एक उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थान बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"
बिंदुवार समाधान और सुधार कार्य:
शिक्षकों की नियुक्ति: कॉलेज में 27 शिक्षकों की कमी के सापेक्ष 4 नए सहायक प्राध्यापकों ने योगदान दे दिया है, जबकि शेष 23 रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है।
विभागों का सुदृढ़ीकरण: एनाटॉमी, फिजियोलॉजी और फार्मेसी विभागों में उपकरण, सैंपल और स्टाफ की कमी दूर कर ली गई है। छात्रों के डिसेक्शन प्रशिक्षण के लिए सदर अस्पताल, गोड्डा से समन्वय किया गया है। METU विभाग में स्मार्ट बोर्ड और इंटरएक्टिव पैनल स्थापित किए गए हैं।
अस्पताल संचालन व सुविधाएं: अस्पताल में 6 मेडिकल ऑफिसर, 2 RMO और डिप्टी सुपरिंटेंडेंट तैनात हैं। आपातकालीन दवाएं, एंबुलेंस व बस की व्यवस्था और दिव्यांगों के लिए रैंप बना दिए गए हैं। NABH और NABL प्रमाणन की प्रक्रिया भी जारी है।