गोपालगंज के गोपालपुर थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा। शौचालय की टंकी में शटरिंग खोलने उतरे ठेकेदार समेत चार मजदूरों की जहरीली गैस से दम घुटने से मौत।

गोपालगंज।

गोपालपुर थाना क्षेत्र के सवनहीं जगदीश गांव में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। यहां एक निर्माणाधीन शौचालय की टंकी से शटरिंग खोलने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से ठेकेदार समेत चार मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी हकीक अहमद ने दो शौचालयों का निर्माण कराया था, जिनकी ढलाई करीब 15 दिन पहले हुई थी। शनिवार सुबह करीब 11 बजे श्रीपुर थाना क्षेत्र के सवनहीं बाजार निवासी ठेकेदार जावेद आलम मजदूरों के साथ शटरिंग खोलने पहुंचे थे।

पहली टंकी का ढक्कन खुला होने के कारण मजदूरों ने आसानी से शटरिंग हटा ली। इसके बाद जैसे ही दूसरी बंद टंकी की शटरिंग हटाने के लिए सबसे पहले 18 वर्षीय मजदूर सफी आलम अंदर उतरा, वह जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। काफी देर तक उसके बाहर न आने और कोई आवाज न मिलने पर उसे बचाने के प्रयास में एक-एक कर तीन अन्य मजदूर भी टंकी में उतर गए। टंकी में पहले से बनी दमघोंटू जहरीली गैस के कारण चारों की मौके पर ही मौत हो गई।

इस दौरान बाहर खड़ा पांचवां मजदूर सेराज भी साथियों को देखने अंदर उतरा, लेकिन दम घुटने पर उसने शोर मचाया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह सेराज को बाहर खींच निकाला, जिससे उसकी जान बच सकी।


प्रशासनिक कार्रवाई और जांच के आदेश

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी (डीएम) समीर सौरभ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच के लिए सदर एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है।


मृतकों की सूची:

  • सफी आलम (18 वर्ष) - पिता: सुल्तान आलम, निवासी: ग्राम-गीदहा, थाना-श्रीपुर
  • राकेश बैठा उर्फ बंटी बैठा (28 वर्ष) - पिता: रामचन्द्र बैठा, निवासी: ग्राम-सवनहीं पट्टी, थाना-श्रीपुर
  • जावेद आलम (31 वर्ष - ठेकेदार) - पिता: ग्यासुद्दीन मियां, निवासी: ग्राम-सवनहीं बाजार, थाना-श्रीपुर
  • उमेश यादव (35 वर्ष) - पिता: स्व. विश्वनाथ यादव, निवासी: ग्राम-सवनहीं वृत्त, थाना-गोपालपुर


.......................................................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822