हाजीपुर के महुआ पातेपुर रोड पर तरौरा नहर के पास बेखौफ अपराधियों ने मवेशी व्यापारी लक्ष्मण राय की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात में उनका बेटा भी घायल है। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति न्यूज, हाजीपुर।
वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआ-पातेपुर मार्ग पर तरौरा नहर के पास मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मवेशी बेचकर लौट रहे पिता-पुत्र को घेरकर बेखौफ अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। इस घटना में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मवेशी हाट से लौट रहे थे पिता-पुत्र
मृतक की पहचान तीसियौता थाना क्षेत्र के हुसैनीपुर गांव निवासी लक्ष्मण राय (पिता- भाग्यनारायण राय) के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक उनका बेटा मिथिलेश कुमार है। जानकारी के अनुसार, दोनों पिता-पुत्र मधौल मवेशी हाट से मवेशी बेचकर एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे तरौरा नहर के पास पहुंचे, घात लगाए हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
4 से 5 राउंड चली गोलियां, पिता की मौके पर मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर अपराधियों ने 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं। सीने में गोली लगने के कारण लक्ष्मण राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बेटे मिथिलेश की जांघ में गोली लगी है। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए आराम से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मिथिलेश को तुरंत महुआ अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच और परिजनों में कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही महुआ थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अपराधी कितने रुपये लूटकर ले गए हैं। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुट गई है।
.......................................................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822