अवैध संबंध के चलते एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। ग्रामीण चिकित्सक प्रेमी ने कीटनाशक की सूई देकर हत्या को अंजाम दिया और शव को बंद खदान में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी खबर पढ़ें


कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंध के रास्ते का कांटा हटाने के लिए एक पत्नी ने अपने ही पति की बेरहमी से हत्या करवा दी। आरोपी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया और पति के शव को एक बंद खदान में फेंक दिया। कोडरमा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मामले का खुलासा करते हुए कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि 17 अक्टूबर को डोमचांच थाना क्षेत्र के एक बंद खदान से बोरे में बंद एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो मृतक की पहचान हजारीबाग जिले के चौपारण निवासी 40 वर्षीय नरेश ठाकुर के रूप में हुई।

पुलिसिया पूछताछ और तकनीकी अनुसंधान में चौंकाने वाला सच सामने आया। मृतक नरेश ठाकुर की पत्नी का पिछले करीब सात वर्षों से यानी साल 2019 से कोडरमा जिले के डोमचांच निवासी सुनील ठाकुर के साथ अवैध प्रेम संबंध चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, नरेश ठाकुर, उसकी पत्नी और आरोपी सुनील ठाकुर कोलकाता में रहते थे। इसी दौरान नरेश की पत्नी और सुनील के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। समय बीतने के साथ दोनों ने आपस में शादी करने की योजना बना ली, लेकिन नरेश ठाकुर इस रिश्ते में सबसे बड़ी रुकावट बन रहा था। इसी रुकावट को हमेशा के लिए खत्म करने के लिए दोनों ने उसकी हत्या की खौफनाक साजिश रची।

पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, 10 अक्टूबर को नरेश ठाकुर चौपारण से काम के सिलसिले में कोलकाता जाने के लिए ट्रेन पकड़ने कोडरमा स्टेशन पहुंचा था। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई।

नरेश ने अपनी खराब तबीयत की जानकारी अपनी पत्नी को दी। शातिर पत्नी ने तुरंत इसकी भनक अपने प्रेमी सुनील ठाकुर को दी और दोनों ने मिलकर एक खूनी प्लान तैयार किया। प्लान के तहत, सुनील ठाकुर तुरंत कोडरमा स्टेशन पहुंचा और बीमार नरेश को अपने साथ डोमचांच ले गया।

आरोपी सुनील ठाकुर डोमचांच में ग्रामीण चिकित्सक (झोलाछाप डॉक्टर) का काम करता है। चिकित्सा पेशे की आड़ में उसने अपनी क्रूरता का परिचय देते हुए नरेश को कीटनाशक दवा की एक जहरीली सूई (injection) दे दी। ज़हर शरीर में फैलते ही नरेश ठाकुर की दर्दनाक मौत हो गई।

हत्या को छुपाने के लिए सुनील ने मृतक के शव को एक बोरे में भरा और डोमचांच इलाके में स्थित एक बंद खदान में ले जाकर फेंक दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी निश्चिंत हो गए, लेकिन करीब एक सप्ताह बाद जब खदान के आसपास के लोगों को बदबू आई और शव की जानकारी मिली, तो इलाके में सनसनी फैल गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोडरमा एसपी ने पुलिस टीम का गठन किया। वैज्ञानिक और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी को सुलझाते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी सुनील ठाकुर को धर दबोचा। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और चर्चाओं का बाजार गर्म है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822