Jamui Adarsh Vidyalaya: "विकसित भारत-समृद्ध बिहार" विजन के तहत जमुई के 10 स्कूल बने 'सरस्वती विद्या निकेतन' (आदर्श विद्यालय)। स्मार्ट क्लासरूम और मेडिकल-इंजीनियरिंग की सुविधाओं से लैस इन स्कूलों की पूरी सूची देखें।
कंचन क्रांति ब्यूरो, जमुई।
"विकसित भारत-समृद्ध बिहार" विजन के तहत राज्य की शिक्षा व्यवस्था में एक ऐतिहासिक और स्वर्णिम अध्याय की शुरुआत हुई है। 'उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य' के संकल्प के साथ बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने बेगूसराय के बी.पी. इंटर स्कूल में आयोजित राज्यस्तरीय मुख्य समारोह से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 551 नवनिर्मित 'सरस्वती विद्या निकेतन' (आदर्श विद्यालय) का गरिमामयी शुभारंभ किया। इसी कड़ी में जमुई जिले के 10 प्रमुख उच्च माध्यमिक विद्यालयों को अत्याधुनिक मॉडल स्कूल के रूप में नया स्वरूप प्रदान कर जिलेवासियों को समर्पित किया गया है।
जमुई के सतायन में भव्य जिला स्तरीय समारोह, स्मार्ट क्लास का उद्घाटन
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जमुई प्रखंड के नवनिर्मित सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय), सतायन (पूर्व नाम +2 जनता उच्च विद्यालय) के प्रांगण में एक भव्य जिला स्तरीय उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि अपर समाहर्ता जमुई श्री रविकांत सिन्हा ने नवउद्घाटित मॉडल स्कूल में नवनिर्मित अत्याधुनिक स्मार्ट क्लासरूम का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इसके उपरांत "हरित जमुई" के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया। अपर समाहर्ता ने बच्चों को 'एक पौधा माँ के नाम' लगाने और उसकी पूरी देखभाल करने की प्रेरणा दी।
ये स्कूल सिर्फ इमारतें नहीं, बच्चों के सपनों की उड़ान हैं: अपर समाहर्ता
समारोह को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता श्री रविकांत सिन्हा ने कहा, जमुई के ये सभी आदर्श विद्यालय सिर्फ ईंट-पत्थर की भौतिक इमारतें नहीं हैं, बल्कि हमारे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने वाले आधुनिक केंद्र बनेंगे। राज्य सरकार का उद्देश्य इन स्कूलों के माध्यम से शिक्षा के स्तर को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मानकों तक ले जाना है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को सुरक्षित, समावेशी और डिजिटल संसाधनों से समृद्ध वातावरण प्रदान करना हमारी पहली प्राथमिकता है। आधुनिक डिजिटल लर्निंग और नियमित साप्ताहिक प्रगति मूल्यांकन के माध्यम से हम छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रख रहे हैं।
जमुई में अब प्राइमरी से लेकर ग्रैजुएशन तक की मुकम्मल व्यवस्था: भाजपा-लोजपा
समारोह में उपस्थित भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दुर्गा केशरी और लोजपा जिला अध्यक्ष श्री जीवन जी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के ठोस प्रयासों से अब जमुई के सभी प्रखंडों में प्राथमिक स्तर से लेकर स्नातक (ग्रैजुएशन) तक की शिक्षा की मुकम्मल व्यवस्था हो गई है। अब जिले के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की मजबूरी नहीं रहेगी।
जमुई जिले के ये 10 स्कूल बने 'सरस्वती विद्या निकेतन' (आदर्श विद्यालय):
बिहार सरकार द्वारा प्रत्येक प्रखंड में स्थापित इन उत्कृष्ट विद्यालयों की सूची इस प्रकार है:
1. जमुई प्रखंड: +2 जनता उच्च विद्यालय सतायन
2. सिकन्दरा प्रखंड: +2 एस० के० उच्च विद्यालय
3. झाझा प्रखंड: +2 एम० जी० एस० उच्च विद्यालय
4. खैरा प्रखंड: +2 आर० एस० एस० उच्च विद्यालय बड़ाबांध
5. गिद्धौर प्रखंड: +2 एम० सी० भी० उच्च विद्यालय
6. अलीगंज प्रखंड: +2 एम० आर० पुरी उच्च विद्यालय ताजपुर
7. लक्ष्मीपुर प्रखंड: +2 उत्क्रमित उच्च विद्यालय बेला
8. बरहट प्रखंड: +2 राजकीय उच्च विद्यालय लथलथ
9. सोनो प्रखंड: +2 एस० एस० उच्च विद्यालय
10. चकाई प्रखंड: +2 एस० के० उच्च विद्यालय
यह सभी विद्यालय न केवल अपने प्रखंड में बच्चों को आधुनिक शिक्षा देंगे, बल्कि आसपास के अन्य सरकारी स्कूलों के लिए भी शैक्षणिक मार्गदर्शन और संसाधन साझेदारी के प्रमुख केंद्र (हब) के रूप में कार्य करेंगे।
हाईटेक सुविधाएं: मेडिकल-इंजीनियरिंग की भी होगी तैयारी
इन सभी नवस्थापित आदर्श विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कई अत्याधुनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं:
· डिजिटल लर्निंग: स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक प्रयोगशालाएं और समृद्ध ई-लाइब्रेरी।
· प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी: छात्रों को मेडिकल, इंजीनियरिंग और ओलंपियाड जैसी परीक्षाओं की आधारभूत तैयारी कराई जाएगी।
· विशेष कक्षाएं: शैक्षणिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए रिमेडियल क्लासेस और करियर काउंसलिंग की व्यवस्था।
· डिजिटल रीच: शिक्षकों और विद्यार्थियों की 'दीक्षा' एवं 'ई-लॉट्स' जैसे महत्वपूर्ण सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स तक सीधी पहुंच होगी।
..........................................................................................................................
Jamui Adarsh Vidyalaya list, Saraswati Vidya Niketan Bihar, Samrat Choudhary Jamui, Jamui Model Schools, Jamui Education News, कंचन क्रांति जमुई, बिहार आदर्श विद्यालय योजना।
