भारी वर्षा की चेतावनी को लेकर देवघर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट। डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने जलाशयों की निगरानी और 24x7 कंट्रोल रूम चालू करने के दिए सख्त निर्देश।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), रांची द्वारा आगामी कुछ दिनों में देवघर जिले में भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। इस चेतावनी के मद्देनजर जिला अंतर्गत विशेष निगरानी एवं सतर्कता बरतने के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देशानुसार संबंधित अधिकारियों और कार्यपालक अभियंताओं को आवश्यक एवं उचित दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि भारी बारिश से उत्पन्न होने वाली किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

जलाशयों पर पैनी नजर और आपदा प्रबंधन के कड़े निर्देश

संभावित भारी बारिश के खतरे को देखते हुए सिंचाई प्रमंडल को बुढ़ई, सिकटिया और पुनासी जलाशय सहित क्षेत्र के सभी छोटे-बड़े जलाशयों पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, लगातार बारिश के कारण कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने, सड़कों पर पेड़ गिरने या जलभराव से मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO), अंचल अधिकारियों (CO) और कार्यपालक अभियंताओं को तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मैदानी इलाकों में बाढ़ की आशंका के मद्देनजर कृषि, बागवानी और वृक्षारोपण को होने वाले संभावित नुकसान को न्यूनतम करने के लिए संबंधित विभागों और एजेंसियों को पूरी तरह तत्पर रहने को कहा गया है। साथ ही, विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष टीमों का गठन कर तात्कालिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बिजली के पोल क्षतिग्रस्त होने पर भी जलापूर्ति बाधित न हो।

24x7 कंट्रोल रूम सक्रिय और समन्वय स्थापित करने के आदेश

किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए अपर समाहर्ता और जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी को सभी संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करने को कहा गया है। आम नागरिकों की सुविधा और त्वरित सहायता के लिए देवघर एवं मधुपुर के अनुमंडल पदाधिकारियों को जिला स्तर पर 24x7 सक्रिय रहने वाला कंट्रोल रूम तत्काल प्रभाव से शुरू करने का आदेश दिया गया है।

इसके साथ ही, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से आम नागरिकों तक बचाव, सुरक्षा और सतर्कता से जुड़े संदेश लगातार प्रसारित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह से बचा जा सके और लोग सुरक्षित रह सकें।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822