अंतर्राष्ट्रीय सर्पदंश और विश्व रेबीज दिवस पर देवघर स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया जागरूकता अभियान। सिविल सर्जन डॉ. एस.पी. मिश्रा ने झाड़-फूंक से बचने और समय पर अस्पताल जाने की की अपील।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर:
अंतर्राष्ट्रीय सर्पदंश दिवस एवं विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर आमजनों को सर्पदंश (सांप काटने) और रेबीज से बचाव, समय पर उपचार तथा आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग, देवघर द्वारा एक विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ शुक्रवार को सदर अस्पताल, देवघर के सभागार में सिविल सर्जन डॉ. एस.पी. मिश्रा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
अंधविश्वास और झाड़-फूंक से दूर रहने की अपील
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कई प्रमुख पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, शहरी सहिया और संबंधित स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि सर्पदंश और रेबीज दोनों ही सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े अत्यंत गंभीर विषय हैं, जिन पर समय रहते नियंत्रण पाना आवश्यक है।
जागरूकता अभियान के माध्यम से आम जनता को यह कड़ा संदेश दिया गया है कि सर्पदंश की स्थिति में किसी भी प्रकार के अंधविश्वास, झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के चक्कर में अपना कीमती समय बिल्कुल बर्बाद न करें। पीड़ित व्यक्ति को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं, ताकि समय पर सही चिकित्सकीय सहायता और एंटी-वेनम मिल सके।
रेबीज से बचाव के लिए तुरंत करें प्राथमिक उपचार

इसी प्रकार, कुत्ते, बिल्ली या अन्य संभावित संक्रमित पशुओं के काटने अथवा खरोंच मारने की स्थिति में तुरंत बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि ऐसे मामलों में सबसे पहले घाव को साबुन और बहते साफ पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए और बिना किसी देरी के अस्पताल पहुंचकर चिकित्सक की सलाह से एंटी-रेबीज टीकाकरण कराना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करना चाहिए।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में चलाई जाएंगी गतिविधियां
सिविल सर्जन डॉ. एस.पी. मिश्रा ने सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों और सहियाओं से अपेक्षा की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सर्पदंश और रेबीज से बचाव की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं। ग्रामीण और शहरी दोनों स्तरों पर विशेष जागरूकता गतिविधियां चलाई जाएंगी, ताकि जिले में इन समस्याओं से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं और जनहानि को पूरी तरह रोका जा सके।
स्वास्थ्य विभाग, देवघर की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई है कि सर्पदंश या पशु के काटने की स्थिति में बिल्कुल न घबराएं, अंधविश्वास से दूर रहें और तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर डॉक्टर से मिलें।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822