लखनऊ में UP कांग्रेस की 'संगठन सृजन' बैठक में पर्यवेक्षक डॉ. अमी याग्निक व पी.एल. पुनिया ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर को मजबूत करने का दिया निर्देश।

 

रविशंकर सिंह, लखनऊ/रायबरेली।

 उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी ने अपने संगठनात्मक ढांचे को धार देना शुरू कर दिया है। रविवार को लखनऊ के मॉल एवेन्यू स्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया हॉल में 'संगठन सृजन' अभियान के तहत एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में एआईसीसी (AICC) की केंद्रीय पर्यवेक्षक व पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अमी याग्निक, पूर्व सांसद पी.एल. पुनिया तथा लखनऊ के संगठन प्रभारी व प्रदेश सचिव अतुल सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।

 

बैठक में लखनऊ मंडल के सैकड़ों बूथ अध्यक्षों, सचिवों और मंडल प्रभारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय पर्यवेक्षक डॉ. अमी याग्निक ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए बूथ स्तर के संगठन को मजबूत बनाना पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों और नगरों में घर-घर जाकर राहुल गांधी के संघर्षों, दूरदर्शी सोच और जनहितैषी नीतियों को जनता के बीच पहुंचाएं।

 

लखनऊ के संगठन प्रभारी अतुल सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से मुकाबला करना होगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता बदलाव के मूड में है और उत्तर प्रदेश में 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। बैठक में कार्यकर्ताओं को अभी से चुनाव की तैयारियों में जुटने का संकल्प दिलाया गया।

  ..........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822