हाजीपुर के तीसीऔता थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने रक्षाबंधन की रात स्वर्ण व्यवसायी विशाल कुमार सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी और बैग लूटकर फरार हो गए। घटना से व्यापारियों में भारी आक्रोश है।
- बिंदी चौक और राम सुरेश चौक के बीच देर रात वारदात; परिजनों की खुशियां मातम में बदलीं
- डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, एक महीने के मासूम के सिर से उठा पिता का साया
- व्यापारियों में भारी आक्रोश ; पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल अपराधियों की तलाश में जुटी
कंचन क्रांति ब्यूरो, हाजीपुर।
बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर वैशाली पुलिस की गश्ती व्यवस्था और चुस्ती-दुरुस्ती के दावों को खुली चुनौती दी है। तीसीऔता थाना क्षेत्र के बिंदी चौक और राम सुरेश चौक के बीच गुरुवार की देर रात घात लगाए अपराधियों ने एक 32 वर्षीय स्वर्ण व्यवसायी की ताबड़तोड़ गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश व्यवसायी का बैग लूटकर मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र निवासी विशाल कुमार सोनी (32 वर्ष) के रूप में हुई है। विशाल पिछले आठ वर्षों से राम सुरेश चौक पर कामेश्वर साह के मकान में किराये पर रहकर लालबाबू राय के फूलकुमारी मार्केट में सोने-चांदी की दुकान चलाते थे।
घर से 500 मीटर पहले अपराधियों ने घेरा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात विशाल अपनी दुकान बंद कर पैदल ही कमरे पर लौट रहे थे। इसी दौरान डेरे से महज 500 मीटर पहले सुनसान रास्ते में पूर्व से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और काफी करीब से 3 गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही विशाल खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद अपराधी बैग छीनकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले।
अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम
गोलीबारी की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत पहुंची डायल 112 की टीम ने घायल विशाल को उपचार के लिए जंदाहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक खून बह जाने के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो चुकी थी।
मासूम के सिर से उठा पिता का साया, परिजनों में कोहराम
मृतक विशाल की शादी महज डेढ़ साल पहले ही हुई थी और उनका एक महीने का मासूम बेटा है। रक्षाबंधन के पावन पर्व की रात हुई इस दारुण घटना ने पूरे परिवार की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय दुकानदारों व व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश व्याप्त है।
पुलिस की जांच और छापेमारी
घटना की पुष्टि करते हुए तीसीऔता थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि प्राथमिक दृष्टया यह मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत होता है क्योंकि मृतक का बैग गायब है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सभी संभावित पहलुओं पर गहन जांच जारी है।
र……………………………………………………………………………………………………
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822