बिहार और हरियाणा के बीच सीधी सरकारी बस सेवा शुरू करने के लिए द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर। जुलाई के अंत से शुरू होगी एसी बस सेवा। पूरी खबर कंचन क्रांति पर पढ़ें।


अवध कुमार, पटना।

बिहार सरकार ने राज्य के यात्रियों, विशेषकर हरियाणा में रह रहे लाखों प्रवासी बिहारवासियों को बड़ा तोहफा दिया है। अब बिहार से हरियाणा के प्रमुख औद्योगिक और व्यावसायिक शहरों के लिए सीधी, सुरक्षित और किफायती सरकारी एसी बस सेवा शुरू होने जा रही है। इस ऐतिहासिक कदम को अमलीजामा पहनाने के लिए शुक्रवार को दोनों राज्यों के बीच एक द्विपक्षीय अंतरराज्यीय बस परिचालन समझौते (इकरारनामे) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस समझौते पर बिहार सरकार की ओर से राज्य परिवहन आयुक्त श्री आरिफ अहसन तथा हरियाणा सरकार की ओर से अपर मुख्य सचिव (परिवहन) श्री राजा शेखर वुंडरु ने हस्ताक्षर किए। इस मौके पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) के प्रशासक श्री अतुल कुमार वर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


इन रूटों पर दौड़ेंगी आधुनिक एसी बसें

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व और परिवहन मंत्री दामोदर रावत के मार्गदर्शन में तैयार इस योजना के तहत बिहार के 6 प्रमुख प्रमंडलों से हरियाणा के बड़े शहरों के लिए बसों का परिचालन होगा:

·      बिहार के प्रमंडल: पटना, पूर्णिया, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा एवं भागलपुर।

·      हरियाणा के शहर: गुरुग्राम, अंबाला, सोनीपत, पानीपत व अन्य निर्धारित शहर।

इन सभी रूटों पर आधुनिक वातानुकूलित (AC) बसों का परिचालन एक निश्चित समय-सारिणी के अनुसार किया जाएगा, जिससे यात्रियों को समयबद्ध और विश्वसनीय सेवा मिल सके।


जुलाई के अंत तक शुरू हो जाएगा परिचालन

परिवहन विभाग के सचिव श्री राजकुमार ने बताया कि विभाग का लक्ष्य सभी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा कर जुलाई 2026 के अंत तक इस अंतरराज्यीय बस सेवा को सड़क पर उतारने का है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बिहार को देश के प्रमुख राज्यों से बेहतर परिवहन नेटवर्क के जरिए जोड़ना है, ताकि आम नागरिकों को निजी बसों की मनमानी और महंगे किराए से मुक्ति मिल सके।


प्रवासी मजदूरों, छात्रों और व्यापारियों को बड़ी राहत

हरियाणा का गुरुग्राम, पानीपत और सोनीपत जैसे शहर देश के बड़े औद्योगिक हब हैं। यहाँ बिहार के लाखों लोग निजी कंपनियों, फैक्ट्रियों, निर्माण और सेवा क्षेत्र में काम करते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में छात्र और कारोबारी भी नियमित यात्रा करते हैं। अब तक इन्हें निजी बसों के महंगे और असुरक्षित सफर पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन इस सरकारी सेवा से उन्हें कम किराए में आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा।


व्यापार और सामाजिक संबंधों को लगेंगे पंख

राज्य परिवहन आयुक्त श्री आरिफ अहसन के मुताबिक, यह अंतरराज्यीय बस सेवा सिर्फ सफर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बिहार और हरियाणा के बीच आर्थिक, औद्योगिक, शैक्षणिक और सामाजिक संबंधों को भी एक नया विस्तार देगी। त्योहारों और छुट्टियों के मौसम में घर आने वाले प्रवासियों के लिए यह सेवा किसी वरदान से कम नहीं होगी।

...................................................................................................................

Keywords : बिहार हरियाणा बस सेवा, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम, पटना से गुरुग्राम बस, बिहार सरकारी एसी बस, सम्राट चौधरी परिवहन योजना, कंचन क्रांति, Bihar Haryana Bus Service, BSRTC AC Bus Patna to Gurgaon, Bihar Inter State Bus Agreement, Kanchankranti News