बिहार के सभी 101 अनुमंडलों में नए कन्या आवासीय विद्यालय और जननायक कर्पूरी छात्रावास खुलेंगे। कन्या +2 स्कूलों में TRE-4 से 927 शिक्षकों की बहाली होगी और तकनीकी कोर्स वाली छात्राओं को ₹50 हजार का लैपटॉप मिलेगा। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।
पटना से अवध कुमार की रिपोर्ट
बिहार सरकार राज्य में पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं की शिक्षा और आवासीय सुविधाओं को बड़े पैमाने पर अपग्रेड करने जा रही है। पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की मंत्री श्रीमती रमा निषाद ने सूचना भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि राज्य के सभी 101 अनुमंडलों में नए कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय खोले जाएंगे। इनमें बालकों के लिए 720 बेड और बालिकाओं के लिए 520 बेड की क्षमता होगी। वर्तमान में जिला स्तर पर ऐसे 39 विद्यालय संचालित हैं।
कर्पूरी छात्रावासों का निर्माण और 927 शिक्षकों की बहाली
माननीय मंत्री ने विभाग की आगामी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कई अहम घोषणाएं कीं:
नए छात्रावास: जिला और अनुमंडल स्तर पर बालिकाओं के लिए तथा प्रमंडल स्तर पर बालकों के लिए 100-100 बेड की क्षमता वाले नए जननायक कर्पूरी छात्रावासों का निर्माण कराया जाएगा।
शिक्षकों की नियुक्ति: कन्या +2 उच्च विद्यालयों में रिक्त 927 पदों पर शिक्षकों की बहाली TRE-4 (शिक्षक नियुक्ति परीक्षा) के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को अधियाचना भेज दी गई है।
छात्राओं को लैपटॉप और विदेशों में पढ़ाई के लिए अनुदान
आत्मनिर्भर बेटी: 12वीं पास छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पुलिस, फायर सर्विस और तकनीकी कोर्स कर रही छात्राओं को ₹50 हजार तक का लैपटॉप देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
अभ्युदय योजना: मुख्यमंत्री पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग अभ्युदय योजना के तहत यूपीएससी (UPSC), क्लैट (CLAT), निफ्ट (NIFT) की तैयारी के साथ-साथ विदेशों में उच्च शिक्षा के लिए प्रशिक्षण और अनुदान दिया जाएगा।
सैनिक स्कूल और पोर्टल: विभाग की योजना राज्य में 10 नए अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) सैनिक स्कूल खोलने की भी है। इसके अलावा पारदर्शी व्यवस्था के लिए जल्द ही ऑनलाइन शिकायत पोर्टल लॉन्च होगा।
छात्रवृत्ति योजनाओं से करोड़ों को मिला लाभ
वित्तीय वर्ष 2025-26 के आंकड़े साझा करते हुए मंत्री ने बताया कि प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत 57.16 लाख से अधिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के तहत 53.07 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को लाभान्वित किया गया है।
इस अवसर पर विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री के सेंथिल, अवर सचिव अनिल कुमार ठाकुर और संयुक्त सचिव श्री ऋषि कुमार सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
................................................................................................................. Keywords -बिहार कन्या आवासीय विद्यालय, रमा निषाद प्रेस वार्ता, कंचन क्रांति पटना, बिहार शिक्षक बहाली TRE 4, जननायक कर्पूरी छात्रावास, बिहार छात्र लैपटॉप योजना, Bihar Residential Schools 101 Subdivisions, BPSC TRE 4 Vacancy, Kanchan Kranti Bihar News
