पटना की बांकीपुर सीट पर बड़ा सियासी उलटफेर! बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक बंटी के नामांकन वापसी के बाद भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को बनाया नया प्रत्याशी। जानिए पीके (PK) कनेक्शन की पूरी इनसाइड स्टोरी।



राकेश रंजन, पटना।


बिहार की राजधानी पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर शुक्रवार को एक ऐसा अप्रत्याशित सियासी ड्रामा देखने को मिला, जिसने बिहार की राजनीति में भूचाल ला दिया है। सुबह जहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) को अपने घोषित उम्मीदवार अभिषेक सिन्हा उर्फ अभिषेक बंटी के मैदान से हटने के फैसले से करारा झटका लगा, वहीं शाम होते-होते बीजेपी आलाकमान ने डैमेज कंट्रोल करते हुए नए उम्मीदवार के नाम का आधिकारिक ऐलान भी कर दिया। अब बांकीपुर से नीरज कुमार सिन्हा बीजेपी के अधिकृत प्रत्याशी होंगे। नीरज जक्कनपुर थाना क्षेत्र के रहनेवाले हैं।


फैमिली रीज़न या प्रशांत किशोर का 'घोटाला बम'? अंदरूनी कहानी


शुक्रवार की सुबह बीजेपी के घोषित उम्मीदवार अभिषेक बंटी ने अचानक अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया और चुनाव न लड़ने का ऐलान कर दिया। उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को चिट्ठी लिखकर इसके पीछे निजी और पारिवारिक कारणों (Family Reasons) का हवाला दिया। इस फैसले से एनडीए (NDA) खेमे में खलबली मच गई।

हालांकि, इस अचानक आए यू-टर्न के पीछे 'कंचन क्रांति' के विश्वस्त सूत्रों से एक बेहद चौंकाने वाली इनसाइड स्टोरी सामने आ रही है। सूत्रों का दावा है कि इस पूरे ड्रामे के पीछे 'जन सुराज पार्टी' के संयोजक प्रशांत किशोर का हाथ है। चर्चा है कि प्रशांत किशोर ने अभिषेक बंटी के खिलाफ किसी बड़े घोटाले से जुड़े कुछ बेहद संवेदनशील दस्तावेज़ जुटा लिए थे, जिसे वे सार्वजनिक करने वाले थे। इसी खुलासे और बदनामी के डर से अभिषेक बंटी ने ऐन वक्त पर मैदान छोड़ना ही बेहतर समझा।


बीजेपी का तुरंत डैमेज कंट्रोल, नीरज कुमार सिन्हा के नाम पर मुहर

अभिषेक बंटी के पीछे हटते ही पटना से लेकर दिल्ली तक बीजेपी आलाकमान तुरंत एक्शन मोड में आ गया। तमाम अटकलों और कयासों पर विराम लगाते हुए शुक्रवार शाम को पार्टी ने नए उम्मीदवार की घोषणा कर दी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अब बिहार की 182-बांकीपुर विधानसभा सीट से नीरज कुमार सिन्हा बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।

बांकीपुर सीट पर फंसा सियासी पेंच, अब आगे क्या?

बांकीपुर सीट पर चंद घंटों के भीतर हुए इस उलटफेर ने चुनावी समीकरण को पूरी तरह से दिलचस्प और पेचीदा बना दिया है। बिहार की सबसे चर्चित राजनीतिक लड़ाइयों में से एक मानी जा रही इस सीट पर अब नए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के सामने बेहद कम समय में मतदाताओं के बीच पैठ बनाने और पार्टी के भीतर एकजुटता बनाए रखने की बड़ी चुनौती होगी। वहीं, दूसरी तरफ विपक्षी दल और जन सुराज इस मुद्दे को लेकर बीजेपी को घेरने की पूरी तैयारी में हैं।

.......................................................................................................................................

Keywords : Bankipur By Election BJP Candidate, Neeraj Kumar Sinha Bankipur BJP, Abhishek Bunty Withdraws Nomination, Patna Assembly Bypolls, Prashant Kishor Jan Suraj, Arun Singh BJP Press Release, कंचन क्रांति पटना समाचार, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव भाजपा प्रत्याशी।