पटना-औरंगाबाद मार्ग पर बदमाशों ने चोरी का विरोध करने पर 35 वर्षीय ट्रक चालक प्रदीप कुमार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। FSL टीम जांच में जुटी है


अरवल। जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटना-औरंगाबाद मुख्य मार्ग पर खभैनी मोड़ में राजा होटल के समीप गुरुवार अहले सुबह एक दर्दनाक वारदात सामने आया है। चोरी का विरोध करने पर अज्ञात बदमाशों ने 35 वर्षीय ट्रक चालक प्रदीप कुमार की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सदर थानाध्यक्ष दरबारी चौधरी के अनुसार, चालक प्रदीप कुमार अपना ट्रक खभैनी मोड़ पर खड़ा करके पास ही स्थित अपने घर परिजनों से मिलने गए थे। इस दौरान ट्रक में पटना के दीदारगंज निवासी खलासी रोशन कुमार सो रहा था।

बताया जाता है कि 15 अक्टूबर की सुबह करीब 4:00 बजे कुछ अज्ञात बदमाशों ने ट्रक का शीशा तोड़ा और अंदर दाखिल होकर सो रहे खलासी के पास रखे ₹7,000 नकद तथा मोबाइल फोन चुरा लिया।

चोरी के दौरान ही जब प्रदीप कुमार वापस लौटे, तो उन्होंने बदमाशों को चोरी कर भागते हुए देख लिया। प्रदीप ने तुरंत शोर मचाते हुए उनका विरोध किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने उनका पीछा किया और धारदार चाकू से उन पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।

गंभीर रूप से घायल प्रदीप को परिजन और स्थानीय लोग तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अरवल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान बलिदाद पंचायत स्थित नट बिगहा निवासी स्वर्गीय बिंदर नट के 35 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। वह ट्रक चलाकर अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। प्रदीप की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।पत्नी ने अपना जीवनसाथी खो दिया, बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया और मां का सहारा छीन गया।

घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम, सदर थानाध्यक्ष दरबारी चौधरी और सदर थाने की पुलिस बल मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को घटनास्थल पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं।

मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। संदिग्धों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की गहनता से जांच की जा रही है। खलासी रोशन कुमार का बयान दर्ज कर लिया गया है, जिसने घटना के समय सोए होने की बात कही है।

सदर थानाध्यक्ष दरबारी चौधरी ने कहा किमामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर बदमाशों की शिनाख्त कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822