मुंगेर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित शंकरपुर दुर्गा स्थान में जागरण के दौरान वर्चस्व को लेकर हुई मारपीट और फायरिंग में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानें पूरा मामला।

कंचन क्रांति न्यूज, मुंगेर।

जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकरपुर दुर्गा स्थान में बुधवार की रात दुर्गा पूजा के जागरण के दौरान जमकर बवाल हुआ। मामूली बात से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया और वर्चस्व को लेकर हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी तथा मारपीट में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।

 घायल युवक करण कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह अपने दोस्त आशीष के साथ शंकरपुर दुर्गा स्थान पर जागरण देखने गया था। इसी दौरान गांव के कुछ युवकों के साथ वर्चस्व जमाने को लेकर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्रिंस और रोशन नामक युवक पिस्तौल लेकर वहां पहुंच गए और कथित तौर पर संतु ने फायरिंग कर दी। गोली सीधे आशीष की कमर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। वहीं, दूसरे युवक करण कुमार के सिर पर धारदार या भारी हथियार से वार कर उसे भी बुरी तरह लहूलुहान कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की असल वजह का पता लगाया जा सके।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822