बिहार के आरा में जैन कॉलेज के पास बदमाशों ने पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। मॉर्निंग वॉक पर निकलते समय मारी गईं 8 गोलियां। जानिए क्या है पूरा मामला।
कंचन क्रांति न्यूज, आरा।
भोजपुर जिले के आरा शहर में गुरुवार की अहले सुबह अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। नवादा थाना क्षेत्र के जैन कॉलेज गेट के समीप बेखौफ अपराधियों ने सेवानिवृत्त (रिटायर) कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह (70 वर्ष) की गोलियों से भूनकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में पुलिस-प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
मॉर्निंग वॉक पर निकलते ही अपराधियों ने बोला हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिहिया थाना क्षेत्र के लहंग डुमरिया गांव निवासी स्वर्गीय हरवंश सिंह के पुत्र रामकुमार सिंह वर्तमान में नवादा थाना क्षेत्र के कनकपुरी मोहल्ले में अपना मकान बनाकर रहते थे। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे वे रोजाना की तरह रमना मैदान मॉर्निंग वॉक पर जाने के लिए अपनी बाइक निकाल रहे थे। जैसे ही वे अपने घर के मुख्य गेट पर ताला लगा रहे थे, तभी घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। अपराधियों ने उन्हें करीब 7 से 8 गोलियां मारीं। आनन-फानन में स्थानीय लोग उन्हें सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रमुख सामाजिक संगठनों से जुड़े थे रामकुमार सिंह
मृतक रामकुमार सिंह समाज सेवा में काफी सक्रिय थे। वे क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष, नगर रामलीला समिति ट्रस्ट के ट्रस्टी, सनातनी गंगा फाउंडेशन भोजपुर के कार्यकारिणी सदस्य और रोटरी क्लब के पूर्व सचिव व वर्तमान सदस्य थे। इसके अलावा वे रेड क्रॉस से भी जुड़े हुए थे।
घटनास्थल से आधा दर्जन खोखे बरामद, FSL और DIU जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ (वन) सुशील कुमार, नवादा थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत और डीआईयू की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। घटनास्थल से पुलिस को आधा दर्जन से अधिक खाली खोखे मिले हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
जमीन विवाद में हत्या की आशंका
घटना के कारणों को लेकर पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सभी कोणों से गहन जांच की जा रही है। वहीं, घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822