अमेरिका के एरिज़ोना में 19 वर्षीय गर्लफ्रेंड की हत्या के आरोपी भारतीय छात्र वरुण बत्चीगारी को जर्मनी में गिरफ्तार कर लिया गया है। जानिए टक्सन पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई का पूरा विवरण।


वाशिंगटन / टक्सन। अमेरिका के एरिज़ोना राज्य में 19 वर्षीय युवती की हत्या के आरोप में एक 20 वर्षीय भारतीय छात्र को जर्मनी में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी हत्या के बाद पुलिस से बचने के लिए भारत भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने से पहले ही जर्मन अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया।


एरिज़ोना यूनिवर्सिटी में 'बिजनेस एनालिटिक्स' की पढ़ाई कर रहे 20 वर्षीय छात्र वरुण बत्चीगारी पर अपनी 19 वर्षीय गर्लफ्रेंड जुलिसा रुबी सालाजार (Julissa Rubi Salazar) की हत्या का गंभीर आरोप है। टक्सन पुलिस विभाग (TPD) के अनुसार, यह वारदात 6 अगस्त को टक्सन शहर स्थित जुलिसा के अपार्टमेंट में हुई।


हत्या की वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी वरुण बत्चीगारी टक्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा और वहां से जर्मनी के लिए रवाना हो गया। उसकी योजना जर्मनी से भारत जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़कर स्वदेश भागने की थी।


मामले की जांच में जुटी टक्सन पुलिस ने तुरंत अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों से संपर्क साधा और आरोपी के पासपोर्ट तथा यात्रा विवरण की जानकारी साझा की। जैसे ही आरोपी जर्मनी के एयरपोर्ट पर उतरा, स्थानीय अधिकारियों ने उसे भारत की फ्लाइट में सवार होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।


अमरीकी पुलिस अब आरोपी वरुण बत्चीगारी को जर्मनी से प्रत्यर्पित (Extradite) कराकर वापस अमेरिका लाने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है, ताकि उस पर टक्सन अदालत में हत्या का मुकदमा चलाया जा सके।