कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कोलकाता पुलिस के विशेष कार्य बल (STF) ने पुरुलिया जिला पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में सात लोगों को हिरासत में लिया गया है। मुख्यमंत्री ने अभियान की सफलता पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए राज्य की 'शून्य सहिष्णुता' नीति को दोहराया।


ट्रक से बरामद हुआ गांजा


मुख्यमंत्री ने बताया कि सोमवार रात पुरुलिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलकुड़ी टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चालक की सीट के पीछे बनाई गई विशेष गुप्त जगह से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।


हालांकि, बरामद मादक पदार्थ की मात्रा और उसकी अनुमानित कीमत का खुलासा नहीं किया गया है।


दो एस्कॉर्ट वाहन भी पकड़े गए


जांच के दौरान पुलिस ने ओडिशा से आसनसोल की ओर ट्रक के साथ चल रहे दो एस्कॉर्ट वाहनों को भी रोक लिया। पूरे अभियान में कुल सात लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।


मुख्यमंत्री ने पुलिस की सराहना की


मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने त्वरित, समन्वित और दृढ़ कार्रवाई कर बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों की सतर्कता और समर्पण की प्रशंसा की।


'ड्रग्स तस्करी पर जीरो टॉलरेंस'


मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और युवाओं व समाज की सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाली किसी भी गैरकानूनी गतिविधि के प्रति 'शून्य सहिष्णुता' की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आपराधिक गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।