जमशेदपुर के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग। झामुमो नेता डोमिनिक सैमसन समेत चार लोग घायल, पुलिस जांच में जुटी। पढ़ें पूरी खबर कंचन क्रांति न्यूज पर।
कंचन क्रांति न्यूज, जमशेदपुर
जमशेदपुर के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में शनिवार दोपहर करीब 1:20 बजे तीन हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। इस भीषण गोलीबारी की घटना में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता और जमीन कारोबारी डोमिनिक सैमसन समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद मॉल परिसर में भारी अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
इस घटना में घायल हुए लोगों की पहचान झामुमो नेता डोमिनिक सैमसन (निवासी- कदमा जयप्रभा कॉम्प्लेक्स), कृष्णा चौधरी (निवासी- सोनारी वेस्ट ले आउट), मो. रिजवान और मो. दिलशाद (दोनों निवासी- आजादनगर) के रूप में हुई है। गोलीबारी में डोमिनिक के बाएं कंधे, कृष्णा के बाएं पंजड़े, रिजवान के पेट और दिलशाद की कमर में गोली लगी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कृष्णा चौधरी हमलावरों के निशाने पर नहीं थे, बल्कि वह उस वक्त अलग बैठे थे और फायरिंग की चपेट में आ गए।
रेस्टोरेंट में घुसकर की अंधाधुंध फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डोमिनिक सैमसन अपने साथियों के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने बैठा था। इसी दौरान तीन युवक अंदर घुसे और सीधे डोमिनिक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगे। गोलियों की आवाज से रेस्टोरेंट में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हमलावरों ने मौके पर करीब 12 राउंड फायरिंग की और मॉल से बाहर निकलते वक्त भी एक राउंड गोली चलाई। घटनास्थल से पुलिस ने 4 खोखे बरामद किए हैं।
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, एसएसपी एहतेशाम वकारिब, ग्रामीण एसपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि शूटरों में से एक की पहचान कर ली गई है और वे बाइक पर सवार होकर आए थे। शहर भर में नाकेबंदी कर दी गई है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस घायलों के आपराधिक इतिहास और इस खूनी संघर्ष के पीछे की असली वजह की भी गहराई से जांच कर रही है।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822