जमशेदपुर विधायक सरयू राय ने एमजीएम से डिमना लेक तक एलिवेटेड रोड निर्माण की मांग की है। दलमा सेंक्चुरी क्षेत्र के कारण सड़क चौड़ीकरण न होने पर उन्होंने इसे ही स्थायी समाधान बताया।
जमशेदपुर।
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक के समीप तक ऊपरी पथ (एलिवेटेड रोड/फ्लाईओवर) निर्माण की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने पथ निर्माण विभाग के सचिव और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर परियोजना को जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया है।
जारी बयान में सरयू राय ने बताया कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाला मार्ग दलमा वन्यजीव अभयारण्य (सेंक्चुरी) क्षेत्र से होकर गुजरता है। सेंक्चुरी के कड़े नियमों और पर्यावरणीय शर्तों के कारण वर्तमान सड़क का चौड़ीकरण संभव नहीं है। ऐसे में लगातार बढ़ते यातायात के दबाव और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए फ्लाईओवर की तर्ज पर एलिवेटेड रोड का निर्माण ही सबसे व्यावहारिक समाधान है।
विधायक ने कहा कि डिमना लेक पर्यटकों का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जिससे इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही तेजी से बढ़ी है। परियोजना की व्यावहारिकता को लेकर पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों से वार्ता हुई है। अधिकारियों के अनुसार योजना में कोई बड़ी तकनीकी अड़चन नहीं है और वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मिलने में भी कोई विशेष कठिनाई नहीं आएगी।
सरयू राय के अनुसार, एलिवेटेड रोड का निर्माण होने से पटमदा, बोड़ाम और कटिंग क्षेत्र के ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा। इसके अलावा जमशेदपुर से पुरुलिया जाने वाले यात्रियों को भी जाम और हादसों से राहत मिलेगी तथा सफर सुरक्षित और सुचारु हो जाएगा।
………………………………………………………………………………
Jamshedpur News, Saryu Roy Elevated Road, MGM to Dimna Lake Flyover, Jamshedpur Traffic News, Dalma Sanctuary Road, Jamshedpur Purulia Road, सरयू राय जमशेदपुर, डिमना लेक एलिवेटेड रोड
