जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया दो दिवसीय उत्सव का उद्घाटन, छठ गीत, सोहर, कजरी और पारंपरिक लोककलाओं के जरिए दिखी बिहार की सांस्कृतिक विरासत

कंचन क्रांति न्यूज, जमुई।

लोकसंस्कृति की सुगंध, पारंपरिक गीतों की मिठास और युवा प्रतिभाओं की शानदार प्रस्तुतियों से जमुई का रावणेश्वर हॉल बुधवार को गुलजार रहा। मौका था कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 का। उत्सव का उद्घाटन जिलाधिकारी ने जिले के अन्य वरीय अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आयोजन के पहले दिन लोकगीत, लोकनृत्य, चित्रकला सहित विभिन्न विधाओं में युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत के साथ ही पूरा परिसर लोकधुनों और पारंपरिक प्रस्तुतियों से गूंज उठा। छठ गीत, पूरबी लोकगीत, पारंपरिक गोदना गीत, सोहर और कजरी की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, लोकनृत्य के माध्यम से कलाकारों ने बिहार की सांस्कृतिक विविधता और ग्रामीण जीवन की जीवंत झलक प्रस्तुत की। इन प्रस्तुतियों में जहां लोकआस्था और परंपराओं की झलक देखने को मिली, वहीं नई पीढ़ी की रचनात्मकता और कला के प्रति समर्पण भी नजर आया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी हमारी सांस्कृतिक विरासत की वास्तविक संवाहक है। आज के युवा ही आने वाले समय में लोककला, लोकगीत और पारंपरिक विधाओं को आगे बढ़ाकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाएंगे। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा को लगातार निखारने, स्थानीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपनी उपलब्धियों से जमुई जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

युवा प्रतिभाओं को मंच देना आयोजन का उद्देश्य

दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं की रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना, स्थानीय लोककलाओं एवं सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण करना और उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी कला पहचान दिलाने का अवसर मिलता है। साथ ही, युवा कलाकारों को भविष्य में बड़े मंचों पर अपनी पहचान स्थापित करने की प्रेरणा भी मिलती है। आयोजन को लेकर स्थानीय कलाकारों और प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखा गया।

उद्घाटन समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी धनंजय कुमार, कला संस्कृति पदाधिकारी विकेश कुमार, मद्य निषेध अधीक्षक सुभाष पांडेय, सिंचाई प्रमंडल जमुई के कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. मेनका कुमारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822