तेज हवा और भारी बारिश की आशंका के बीच जिला कृषि कार्यालय ने जारी की एडवाइजरी, कटी फसल सुरक्षित रखने और खेतों में जलनिकासी की व्यवस्था करने की अपील

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अरनब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए देवघर जिला प्रशासन ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला कृषि कार्यालय की ओर से किसानों के लिए विशेष कृषि एडवाइजरी जारी की गई है। इसके तहत जिले में भारी बारिश, तेज हवाओं और मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए फसलों एवं कृषि उपज की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की गई है।

जिला कृषि कार्यालय ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखें और कृषि कार्यों में आवश्यक बदलाव करें, ताकि प्रतिकूल मौसम के कारण फसलों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

कटी हुई फसल और अनाज को सुरक्षित रखने की सलाह

कृषि विभाग के अनुसार जिन किसानों ने धान अथवा अन्य खरीफ फसलों की कटाई कर ली है, वे अपनी उपज को खुले में न छोड़ें। कटी हुई फसल और अनाज को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर रखें। साथ ही, बारिश से बचाने के लिए अनाज को तिरपाल से अच्छी तरह ढक दें, ताकि नमी और पानी के कारण उपज खराब न हो।

खेतों में जलजमाव रोकने के लिए करें निकासी की व्यवस्था

लगातार बारिश की स्थिति में खेतों में जलजमाव होने की आशंका है। इसे देखते हुए किसानों को धान, सब्जी और अन्य फसलों के खेतों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया है। खेतों में अतिरिक्त पानी जमा होने से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए निकासी नालियों को साफ रखने और पानी के बहाव में बाधा दूर करने की सलाह दी गई है।

तेज हवा से सब्जियों को बचाने के लिए दें सहारा

टमाटर, बैंगन, मिर्च और बेल वाली सब्जियों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है। तेज हवाओं के कारण पौधों के गिरने अथवा टूटने की आशंका रहती है। ऐसे में किसानों को बांस या लकड़ी की सहायता से पौधों को सहारा देने की सलाह दी गई है, ताकि फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।

फिलहाल उर्वरक और कीटनाशकों का छिड़काव न करें

मौसम खराब रहने और बारिश की संभावना को देखते हुए जिला कृषि कार्यालय ने फिलहाल यूरिया सहित अन्य रासायनिक उर्वरकों, कीटनाशकों और फफूंदनाशक दवाओं का छिड़काव नहीं करने की सलाह दी है। बारिश और तेज हवा के कारण इनका प्रभाव कम हो सकता है। इससे किसानों की लागत बढ़ने के साथ अपेक्षित लाभ भी नहीं मिल पाएगा।

फलदार पौधों और बागानों की सुरक्षा पर भी जोर

आम, अमरूद और पपीता जैसे फलदार पौधों को तेज हवाओं से बचाने के लिए उनके आसपास मिट्टी की छिलाई करने तथा कमजोर और भारी डालियों को उचित सहारा देने का सुझाव दिया गया है। इससे तेज हवा के दौरान डालियों के टूटने और पौधों को नुकसान पहुंचने की आशंका कम की जा सकती है।

जिला कृषि कार्यालय ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे स्थानीय मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी होने वाली मौसम संबंधी चेतावनियों एवं दिशा-निर्देशों पर लगातार नजर रखें। मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ही कृषि कार्य करें और फसलों की सुरक्षा के लिए समय रहते जरूरी इंतजाम कर लें।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822