पेंटिंग से नुक्कड़ नाटक तक प्रतिभागियों ने बिखेरा हुनर; ए.एस. कॉलेज और रमा देवी बाजला महिला कॉलेज ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हासिल किए पुरस्कार
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने और कला-संस्कृति के प्रति उनकी रुचि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को देवघर में जिला स्तरीय युवा महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस महोत्सव में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों और युवा क्लबों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। पेंटिंग, सामूहिक लोक नृत्य, सामूहिक लोकगीत, कविता लेखन और नुक्कड़ नाटक जैसी पांच विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन किया।
पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग, झारखंड, रांची के निर्देशानुसार जिला खेल कार्यालय, देवघर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

पेंटिंग में उर्मिला कुमारी ने मारी बाजी
पेंटिंग प्रतियोगिता में उर्मिला कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। रिश्ता मुखर्जी को दूसरा और सेल गौतम को तीसरा स्थान मिला। प्रेम कुमार को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
सामूहिक लोक नृत्य प्रतियोगिता में रमा देवी बाजला महिला कॉलेज, देवघर ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। डिप्सार कॉलेज दूसरे और ए.एस. महाविद्यालय, देवघर तीसरे स्थान पर रहा।
लोकगीत और कविता लेखन में भी दिखी प्रतिभा
सामूहिक लोकगीत प्रतियोगिता में ए.एस. महाविद्यालय, देवघर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि डिप्सार कॉलेज को द्वितीय पुरस्कार मिला।
कविता लेखन प्रतियोगिता में रमा देवी बाजला महिला कॉलेज की प्राची प्रिया ने प्रथम स्थान हासिल किया। ए.एस. कॉलेज के आशीष कुमार मंडल दूसरे और इसी कॉलेज के संदीप कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
नुक्कड़ नाटक में ए.एस. कॉलेज अव्वल
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में ए.एस. महाविद्यालय, देवघर ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। भगत सिंह युवा क्लब, हिड़ना को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी अभिव्यक्ति और सामाजिक विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता का परिचय दिया।
अनुभवी प्राध्यापकों ने निभाई निर्णायक की भूमिका

सभी प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न महाविद्यालयों के अनुभवी प्राध्यापकों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया था। इसमें डॉ. संजय कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर, देवघर कॉलेज; डॉ. राजेश राय एवं डॉ. करुणा पमिला, असिस्टेंट प्रोफेसर, ए.एस. कॉलेज; वत्सल पन्ना, असिस्टेंट प्रोफेसर, यश कॉलेज; करुणा पंजियार, असिस्टेंट प्रोफेसर, आर.बी.एस. कॉलेज; डॉ. सावित्री जोड़ी एवं अच्युतानंद मिश्र, असिस्टेंट प्रोफेसर, डिप्सार कॉलेज शामिल थे।
इस अवसर पर जिला खेल समन्वयक ललित कुमार झा के अलावा दीपक कुमार, राहुल कुमार राय, चंदन कुमार, रूपेश कुमार सिंह, नितेश पंडित, भोला यादव, कुणाल कुमार, कुणाल झा, राज और राजकुमार सहित अन्य खेल पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं को अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना था। महोत्सव के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रोत्साहित किया गया। उत्साहपूर्ण माहौल में जिला स्तरीय युवा महोत्सव 2026 संपन्न हुआ।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822