30 अक्टूबर से 3 नवंबर तक चलेगा प्रशिक्षण कार्यक्रम, जनसंख्या गणना के दूसरे चरण को त्रुटिरहित बनाने पर जोर
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
भारत की जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना को लेकर देवघर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में परिसदन सभागार में पांच दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। 30 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में जिला, अनुमंडल, शहरी और चार्ज स्तर पर प्रतिनियुक्त जनगणना पदाधिकारियों, मास्टर ट्रेनर्स तथा तकनीकी सहायकों को जनगणना कार्य से जुड़ी तकनीकी और व्यावहारिक जानकारियां दी जाएंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े देश की भावी विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और नीतियों के निर्धारण का आधार बनते हैं। ऐसे में जनगणना के प्रत्येक चरण को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और सटीकता के साथ संपन्न कराना जरूरी है।
उन्होंने सभी अधिकारियों और तकनीकी सहायकों को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के दौरान बताई जाने वाली प्रत्येक प्रक्रिया और दिशा-निर्देश को गंभीरता से समझें, ताकि क्षेत्र में कार्य के दौरान किसी तरह की तकनीकी अथवा व्यावहारिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने सभी स्तर के प्रभारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा में जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा।
केंद्रीय प्रशिक्षक टीम ने समझाई तकनीकी बारीकियां
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से उपस्थित केंद्रीय प्रशिक्षक टीम ने अधिकारियों और तकनीकी सहायकों को जनगणना के दूसरे चरण से संबंधित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। इसमें प्रगणना कार्य की प्रक्रिया, आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित करने के तरीके, डिजिटल माध्यम से डेटा एंट्री तथा क्षेत्रीय कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित प्रक्रिया से पूरी तरह अवगत कराना है, ताकि वास्तविक प्रगणना के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे। प्रशासन का जोर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, केंद्रीय प्रशिक्षक टीम के सदस्य, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, जनगणना पदाधिकारी, तकनीकी सहायक, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822