जमुई के मनिअड्डा में जितेंदर ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़कर 1.95 लाख नकद और 12 लाख के जेवर चोरी। सीसीटीवी और डीवीआर भी ले उड़े चोर, पुलिस जांच में जुटी।

ए. आलम, जमुई।

लखीसराय मुख्य मार्ग पर मनिअड्डा बाजार में स्थित 'जितेंदर ज्वेलर्स' की दुकान का शटर तोड़कर बेखौफ चोरों ने लाखों रुपये के आभूषण और नकदी की चोरी कर ली। इस बड़ी घटना से दुकानदारों में भारी आक्रोश है और पुलिस की रात्रि गश्ती पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह घटना शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि की बताई जा रही है। दुकान संचालक को इसकी जानकारी शनिवार सुबह मिली।

ताला और शटर तोड़कर दुकान में किया उत्पात

पीड़ित दुकान संचालक एवं खैरा थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी जितेंदर राम ने बताया कि वे पिछले चार वर्षों से मनिअड्डा में ज्वेलरी की दुकान चला रहे हैं। रोजाना की तरह वे शुक्रवार की रात दुकान बंद कर घर गए थे। शनिवार की सुबह स्थानीय लोगों ने उन्हें दुकान का ताला टूटने की सूचना दी।

चोरों ने पहले ग्रिल का ताला तोड़ा और फिर खंती से शटर को एक ओर से कबाड़ कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने दुकान के अंदर जमकर उत्पात मचाया और सभी लॉकर व काउंटर तोड़कर उसमें रखे 1 लाख 95 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषणों सहित कुल 13 लाख 95 हजार रुपये मूल्य के सामानों की चोरी कर ली।

सीसीटीवी और डीवीआर भी उठा ले गए चोर

घटना को अंजाम देने के बाद चोर अपनी पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर (DVR) को भी उखाड़कर साथ ले गए। वहीं, भागने के क्रम में चोरों ने दुकान के पीछे झाड़ियों में जेवरात के खाली डिब्बे और प्लास्टिक फेंक दिए। घटनास्थल से पुलिस ने एक खंती और चप्पल भी बरामद की है। इतनी बड़ी चोरी में चोरों को कम से कम एक घंटे का समय लगा होगा, लेकिन मुख्य मार्ग पर स्थित दुकान में हुई इस घटना की भनक न तो आसपास के लोगों को लगी और न ही गश्ती दल को।

 घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित संचालक ने शनिवार सुबह 10:00 बजे टाउन थाने में लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है और चोरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और आसपास लगे अन्य कैमरों के फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश में जुटी है।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822