जमुई के मड़वा पहाड़ी वायरल वीडियो मामले में पुलिस मुठभेड़ में घायल मुख्य आरोपी नंदन यादव को कड़ी सुरक्षा के बीच पोक्सो कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

ए.आलम, जमुई।

टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा पहाड़ी के पास नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी और वायरल वीडियो मामले में पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए मुख्य आरोपित नंदन यादव को सोमवार की शाम सदर अस्पताल से कड़ी सुरक्षा के बीच पोक्सो की विशेष अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने सुनवाई के बाद उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

अस्पताल से लेकर कोर्ट तक भारी पुलिस बल की तैनाती

गिरफ्तारी के सातवें दिन सोमवार को जब नंदन यादव को अस्पताल से डिस्चार्ज कर कोर्ट ले जाने की खबर फैली, तो सदर अस्पताल से लेकर कोर्ट परिसर तक लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पिछले दिनों हरेराम यादव की पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में हुई हंगामेदार घटना को देखते हुए पुलिस प्रशासन इस बार पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच अतिरिक्त पुलिस बल और जवानों के कड़े घेरे में मुख्य आरोपित को अदालत में पेश किया गया।

 बता दें कि 19 सितंबर की शाम टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा पहाड़ी के पास एक नाबालिग छात्रा और छात्र को घेरकर कुछ युवकों द्वारा अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया था। इस अमानवीय घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था, जिसने जमुई सहित पूरे राज्य और देश का ध्यान अपनी ओर खींचा था। वीडियो के आधार पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की थी। 22 सितंबर को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपित नंदन यादव के पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद से उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था।

    एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि मेडिकल फिट घोषित होने के बाद मुख्य आरोपित नंदन यादव को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस सनसनीखेज मामले में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने हाल ही में मुख्य आरोपियों को फोन कर घटनास्थल पर बुलाने वाले दो अन्य युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

...........................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822