एडीएम (आपूर्ति) रवींद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी सह दानापुर की सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के ठिकानों पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की छापेमारी। 39 लाख रुपये नकद, आभूषण और 36 से अधिक महंगी ब्रांडेड घड़ियां बरामद



पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पटना जिले में एडीएम (आपूर्ति) के पद पर तैनात रवींद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी, जो दानापुर में अवर निबंधक (सब-रजिस्ट्रार) के रूप में कार्यरत हैं, के ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई है।

निगरानी ब्यूरो की टीमों ने इस दंपति के पटना और बेगूसराय स्थित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। यह छापेमारी देर शाम तक जारी रही। ब्यूरो के अनुसार, शुरुआती कार्रवाई में ही भारी मात्रा में नकदी, आभूषण और निवेश से जुड़े कई अहम दस्तावेज हाथ लगे हैं।

पटना के दानापुर स्थित आवास से लगभग 30 लाख रुपये और बेगूसराय स्थित आवास से 9 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इस प्रकार कुल 39 लाख रुपये कैश मिल चुके हैं।

चार बड़े बक्सों में रखी तीन दर्जन से अधिक (36 से ज्यादा) महंगी ब्रांडेड घड़ियां बरामद की गई हैं। घर से भारी मात्रा में आभूषण मिले हैं, जिनका मूल्यांकन विशेषज्ञों द्वारा कराया जा रहा है। इसके अलावा, जमीन और अन्य संपत्तियों में निवेश से जुड़े कागजात भी खंगाले जा रहे हैं।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुताबिक, आरोपी अधिकारी दंपती पर उनकी वैध आय से 1.06 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है। इसी मामले में ब्यूरो ने अदालत से सर्च वारंट प्राप्त किया था, जिसके बाद पटना और बेगूसराय के ठिकानों पर यह कार्रवाई की गई।

ब्यूरो अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल तलाशी अभियान और दस्तावेजों की जांच का काम जारी है। छापेमारी पूरी होने के बाद इस पूरे मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है, जिसकी विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822