जमुई में श्रावणी मेला 2026 और चेहलूम को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट। डीएम की संयुक्त ब्रीफिंग में सुरक्षा, स्वास्थ्य व सोशल मीडिया निगरानी के कड़े निर्देश जारी। हेल्पलाइन नंबर जारी।
कंचन क्रांति ब्यूरो, जमुई
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 और आगामी चेहलूम पर्व को लेकर जमुई जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले में अभेद्य सुरक्षा, सुदृढ़ विधि-व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक टीमों को पूरी सतर्कता, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का सख्त निर्देश दिया गया।
अधिकारियों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा, "आपकी अतिरिक्त सतर्कता और चौकसी ही श्रद्धालुओं को सुगम व सुरक्षित यात्रा प्रदान करेगी। दूर-दराज से आने वाले देवतुल्य श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का समुचित ध्यान रखना ही जिला प्रशासन की असली भक्ति है।
काँवरिया पथ एवं प्रमुख संपर्क मार्गों पर 24 घंटे निर्बाध यातायात, पर्याप्त लाइट, शुद्ध पेयजल, निरंतर साफ-सफाई और त्वरित स्वास्थ्य सेवाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
बटिया घाटी, गंगटा जंगल और स्टेशनों पर पुलिस एस्कॉर्ट
सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए जिले के प्रवेश द्वारों, प्रमुख मार्गों तथा बटिया घाटी एवं गंगटा जंगल जैसे संवेदनशील वन क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पुलिस एस्कॉर्ट और कॉनवॉय व्यवस्था लागू की गई है। इसके अलावा रेल मार्ग से आने वाले यात्रियों की सुरक्षा हेतु जमुई, गिद्धौर, झाझा एवं सिमुलतला रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती की गई है।
आपातकालीन हेल्पलाइन: किसी भी सहायता या प्रामाणिक जानकारी के लिए अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में 24 घंटे संचालित नियंत्रण कक्ष (फोन: 06345-222006) कार्यरत है।
अफवाह बाज बख्शे नहीं जाएंगे
पर्व-त्योहारों के दौरान धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने या अफवाह फैलाने की कोशिशों पर लगाम लगाने के लिए 24 घंटे सक्रिय 'मीडिया मॉनिटरिंग सेल' का गठन किया गया है। यह सेल फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर) समेत सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की गहन निगरानी कर रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छत पर यात्रा करने पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और चालकों से अपील की है कि वाहनों की छत पर बैठकर यात्रा न करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रात्रि एवं भोर में वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतने और थकान महसूस होने पर विश्राम करने की सलाह दी गई है।
.........................................................................................................
Jamui Shravani Mela 2026, Jamui DM Security Briefing, Shravani Mela Chehlum Security Jamui, Kanwar Yatra Jamui Preparation, जमुई श्रावणी मेला 2026, चेहलूम सुरक्षा व्यवस्था जमुई, बटिया घाटी गंगटा जंगल पुलिस एस्कॉर्ट
