जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा से छेड़खानी के वायरल वीडियो मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन। मुठभेड़ में मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली लगी, दूसरे का पैर टूटा। एसपी विश्वजीत दयाल ने प्रेस वार्ता में दी पूरी जानकारी।
ए. आलम, जमुई।
टाउन थाना क्षेत्र के मदन रोड स्थित मड़वा पहाड़ी के पास नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ छेड़खानी और अमानवीय व्यवहार के चर्चित मामले में जमुई पुलिस ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस मुठभेड़ में घटना का मुख्य अभियुक्त नंदन यादव घायल हो गया है, जबकि भागने के दौरान दूसरे अभियुक्त हरेराम यादव का पैर फ्रैक्चर हो गया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन नाबालिगों को निरुद्ध करने के साथ-साथ तीन मुख्य अभियुक्तों और वीडियो वायरल करने वाले एक युवक को भी गिरफ्तार किया है। मंगलवार दोपहर में एसपी विश्वजीत दयाल ने पूरी घटना का खुलासा करते हुए यह जानकारी दी।
एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि सोमवार को तीन नाबालिगों को निरुद्ध कर पूछताछ की गई थी। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी नंदन यादव और हरेराम यादव प्रतापपुर गांव के बधार में नदी के पास झाड़ियों में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही एसआईटी (SIT) ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
घेराबंदी के दौरान भागने की कोशिश में हरेराम यादव गिर गया, जिससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे मुख्य आरोपी नंदन यादव के ठिकाने को घेरा। पुलिस को देखते ही नंदन यादव ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने नंदन के पास से एक हथियार भी बरामद किया है, जिसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपी बालू और शराब के अवैध कारोबार से जुड़े पाए गए हैं।
मामले में वीडियो वायरल करने वाले रामाशीष चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करना कानूनन गंभीर अपराध है। इस संबंध में साइबर थाने में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस ने सोशल मीडिया पर ऐसे करीब 120 साइट्स और प्रोफाइल्स को चिन्हित किया है जो वीडियो साझा कर रहे थे।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि पीड़िता से जुड़े वीडियो को बिल्कुल भी शेयर या फॉरवर्ड न करें। इस हाई-प्रोफाइल प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ दीप्ति मोनाली, टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार, मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर सुमन समेत कई अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822