झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री व गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बाबूलाल मरांडी और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुख जताया है।
रांची। झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री और गिरिडीह सदर विधानसभा सीट से विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित राज्य के तमाम प्रमुख नेताओं और राजनीतिक दलों ने गहरा दुख प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल X पर एक अत्यंत भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि देर रात उन्हें अपने प्रिय और बड़े भाई समान सुदिव्य कुमार सोनू के निधन का दुखद समाचार मिला।
सीएम सोरेन ने लिखा कि इस समाचार पर विश्वास कर पाना बेहद कठिन है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू केवल एक वरिष्ठ सहकर्मी या राजनीतिक साथी नहीं थे, बल्कि एक बड़े भाई की तरह मार्गदर्शन देने वाले और हर मुश्किल समय में चट्टान की तरह साथ खड़े रहने वाले व्यक्ति थे।

झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनू जी 'दिशोम गुरुजी' शिबू सोरेन के साथ शुरू से निष्ठापूर्वक खड़े रहे। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के एक समर्पित सिपाही के रूप में उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन झारखंड की अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई में समर्पित कर दिया। मुख्यमंत्री ने इसे अपनी व्यक्तिगत क्षति बताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
बाबूलाल मरांडी (नेता प्रतिपक्ष, झारखंड विधानसभा):
"झारखंड सरकार के माननीय मंत्री श्री सुदिव्य कुमार सोनू जी के निधन की खबर से मन अत्यंत व्यथित है। वे कुशल जनप्रतिनिधि एवं जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। उनका निधन झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।"
आदित्य साहू (भाजपा प्रदेश अध्यक्ष):
"झारखंड सरकार के माननीय मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दें।"
के. राजू (झारखंड प्रभारी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी):
"झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। उनके असामयिक निधन से राज्य ने एक संवेदनशील नेता खो दिया है। संपूर्ण कांग्रेस परिवार इस दुःख की घड़ी में उनके परिजनों के साथ खड़ा है।"
झामुमो ने बताया पार्टी और झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति
सुदिव्य सोनू के निधन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कहा कि उनके असामयिक निधन से पूरा झामुमो परिवार स्तब्ध और मर्माहत है। पार्टी ने उन्हें समर्पित साथी बताते हुए कहा कि उनका जाना पार्टी, सरकार और झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके संघर्ष, सेवा और योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। पार्टी ने दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार एवं साथियों के प्रति संवेदना जताई।
राज्यपाल, पूर्व सीएम समेत नेताओं ने जताया शोक
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि उनके निधन से राज्य के लिए अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों और समर्थकों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी सुदिव्य सोनू के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों और समर्थकों को इस पीड़ा को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि साथी मंत्री भाई सुदिव्य सोनू के निधन से मन मर्माहत है। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने उनके निधन को निजी क्षति बताते हुए कहा कि उनका सहज स्वभाव, आत्मीय व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण हमेशा स्मरण रहेगा।
झारखंड की राजनीति में सुदिव्य कुमार सोनू का जाना एक बड़ी शून्यता छोड़ गया है। राज्यभर में उनके समर्थक और आम नागरिक नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822