टीएमसी के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक के रांची, कोलकाता और दिल्ली स्थित 7 ठिकानों पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छापेमारी की। मामला उर्दू समाचार पत्र 'अखबार-ए-मशरिक' के लेनदेन से जुड़ा है।
रांची / कोलकाता / नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार सुबह तीन राज्यों में एक साथ छापेमारी शुरू की। ईडी की कोलकाता टीम द्वारा यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग (धन शोधन) से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय जांच एजेंसी की टीमों ने सांसद के दिल्ली, पश्चिम बंगाल और झारखंड स्थित कुल सात ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है।
झारखंड की राजधानी रांची के कोकर औद्योगिक क्षेत्र स्थित उर्दू दैनिक समाचार पत्र 'अखबार-ए-मशरिक' के दफ्तर में सुबह से ही ईडी की टीम मौजूद है और दस्तावेजों व वित्तीय लेनदेन का खंगाल रही है।
तीन राज्यों में फैली कार्रवाई के मुख्य बिंदु-
दिल्ली: सांसद का आधिकारिक आवास।
पश्चिम बंगाल (कोलकाता): नदीमुल हक के दो रिहायशी मकान और व्यावसायिक कार्यालय।
झारखंड (रांची): कोकर औद्योगिक क्षेत्र स्थित 'अखबार-ए-मशरिक' का कार्यालय।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला टीएमसी सांसद नदीमुल हक से जुड़े उर्दू समाचार पत्र 'अखबार-ए-मशरिक' के वित्तीय लेन-देन और संदिग्ध फंडिंग से संबंधित है। ईडी की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि समाचार पत्र के खातों में हुए लेनदेन का स्रोत क्या है और क्या इसमें मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए फंड को रूट किया गया है।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और केंद्रीय बल के जवान परिसरों के बाहर तैनात हैं। फिलहाल ईडी के अधिकारियों की ओर से जब्ती या पूछताछ को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822