रायबरेली के जगतपुर क्षेत्र में रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने 9 नामजद और 7 अज्ञात समेत 16 लोगों पर FIR दर्ज की है। घटना में आधा दर्जन लोग घायल हैं।

 रविशंकर सिंह, रायबरेली।

 जगतपुर थाना क्षेत्र के जोगमगदीपुर अंडरपास के पास शनिवार दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक युवक घायल हो गए, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने उपनिरीक्षक नागेंद्र नाथ मिश्र की तहरीर पर 9 नामजद और 7 अज्ञात  लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

वायरल वीडियो में बाइक सवार युवकों के हाथों में लाठी-डंडे और हॉकी स्टीक नजर आ रहे हैं। घटना को अंजाम देने के बाद कुछ युवक बाइक से भागते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से तीन मोटरसाइकिलें बरामद की थीं। थाना प्रभारी वागीश मिश्रा ने बताया कि उपनिरीक्षक की तहरीर पर साईपुर निवासी सचिन पटेल, अयोध्या बक्स पुरवा निवासी विनीत, महादेवन का पुरवा निवासी हर्केश, गिरधारी का पुरवा निवासी विनोद यादव, हरदी टीकर निवासी अविनाश सिंह, राहुल सिंह व अभिषेक सिंह, भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे रघुराज सिंह मजरे इकौना निवासी जयकरन पटेल और उतारपारा निवासी निखिल के अलावा सात अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है। 

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822