बड़कागांव में गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गे अंकित पांडेय और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से हथियार, बम और धमकी भरे पर्चे बरामद हुए हैं।
बड़कागांव। हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपराडीह के पास शनिवार देर रात पुलिस और गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के संदिग्ध गुर्गे के बीच मुठभेड़ हो गई। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय, पिता अरुण कुमार पांडेय के रूप में हुई है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे तत्काल बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि 25 जुलाई को 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाइवा वाहनों पर गोलीबारी की घटना घटी थी, जिसके संबंध में बड़कागांव थाना में कांड संख्या 133/26 दर्ज किया गया था। इसी मामले में संलिप्तता के संदेह में अंकित कुमार पांडेय को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। उसके मोबाइल की जांच के दौरान टेलीग्राम ऐप के जरिए गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके गिरोह 'केएसएस' (KSS) के सदस्यों से बातचीत और चैट के साक्ष्य मिले।
सख्त पूछताछ में अंकित ने स्वीकार किया कि उसने 25 जुलाई की रात अपने साथियों के साथ हाइवा वाहनों पर गोलीबारी की थी और मौके पर प्रिंस खान गिरोह के नाम से धमकी भरे पर्चे छोड़े थे। उसने पुलिस को यह भी जानकारी दी कि वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और बम पिपराडीह स्थित एक बंद पड़े गैस प्लांट के पास छिपाकर रखे गए हैं।
आरोपी की निशानदेही पर जब पुलिस टीम हथियार और बम बरामद करने बंद पड़े गैस प्लांट के पास पहुंची, तो अंकित ने मौका पाकर एक पुलिस जवान को धक्का दे दिया। उसने वहां छिपाकर रखी पिस्तौल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली अंकित के पैर में लगी और वह गिर पड़ा।
मौके से एक देसी पिस्तौल, एक खोखा (7.62 एमएम), मिसफायर गोली (7.62 एमएम), एक जिंदा कारतूस (7.62 एमएम), एक देसी बम और चार धमकी भरे हस्तलिखित पर्चे (प्रिंस खान गिरोह) बरामद हुए।
