जेपीएससी (JPSC) ACF-FRO परीक्षा में CID की जांच से बड़ा खुलासा हुआ है। 5 करोड़ रुपये लेकर 100 अभ्यर्थियों को पास कराने, स्ट्रॉन्ग रूम से कॉपियां बाहर निकालने और PDF एडिटर से नंबर बढ़ाने का मामला सामने आया है।
कंचन क्रांति न्यूज, रांची।
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) और फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर (एफआरओ) परीक्षा में पैसों के बल पर पास कराने के एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ है। सीआईडी की जांच में सामने आया है कि करीब 100 अभ्यर्थियों से लगभग 5 करोड़ रुपये वसूलकर उन्हें पीटी और मुख्य परीक्षा में पास कराने की सेटिंग की गई थी।
तीन तरीकों से की गई परीक्षा में गड़बड़ी
मामले में गिरफ्तार आरोपी अभय तिवारी और टीडीपीएल के निदेशक रामबीर सिंह के बयानों के अनुसार धांधली तीन अलग-अलग स्तरों पर की जाती थी:
पीटी परीक्षा : प्रति छात्र 5 लाख रुपये लेकर ओएमआर शीट में गड़बड़ी की गई। खाली ओएमआर भरने के लिए दिल्ली और लखनऊ से विशेष टीम बुलाई गई थी।
अंक बढ़ाना: जिन अभ्यर्थियों के उत्तर सामान्य थे, उनके नंबर बढ़ाने के लिए जांचकर्ताओं व प्रोफेसरों से सांठगांठ की गई।
डिजिटल छेड़छाड़: आरोपी संजय के अनुसार, एफआरओ मेन्स के 25 और एसीएफ मेन्स के 15 अभ्यर्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं में पीडीएफ एडिटर (PDF Editor) के जरिए नंबर बदलकर उन्हें पास कराया गया।
स्ट्रॉन्ग रूम से बाहर निकाली गई थीं उत्तरपुस्तिकाएं
जांच में खुलासा हुआ कि अभ्यर्थियों की उत्तरपुस्तिकाएं सीधे स्ट्रॉन्ग रूम से बाहर निकाली जाती थीं। हजारीबाग और रांची में अलग-अलग स्थानों पर सॉल्वर गैंग के सदस्यों को बैठाकर इनसे उत्तर लिखवाए जाते थे। आरोपी प्रदीप कुमार सिंह ने कबूल किया कि उसने स्ट्रॉन्ग रूम से 30 अभ्यर्थियों की कॉपी बाहर निकालकर सौंपी थी, जिन्हें बाद में वापस जमा करा दिया गया।
1.20 करोड़ रुपये का नकद लेनदेन
आरोपी रामबीर के मुताबिक, 15 अभ्यर्थियों के रोल नंबर के बदले प्रति कैंडिडेट 8 से 10 लाख रुपये में बात तय हुई थी। इस काम के एवज में अभय तिवारी ने उसे 1.20 करोड़ रुपये नकद दिए थे। फिलहाल सीआईडी इन बयानों का भौतिक सत्यापन कर रही है और धांधली में शामिल अभ्यर्थियों, बिचौलियों व अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822