रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में अनियमितता के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्र राहुल की तबीयत बिगड़ने से ICU में भर्ती कराया गया है। प्रशासन अलर्ट पर है और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सदर अस्पताल पहुंचे हैं।


रांची। JPSC, JSSC सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के विरोध में राजधानी रांची में चल रहे छात्रों के आंदोलन ने अब और गंभीर रूप ले लिया है। अनशन पर बैठे प्रदर्शनकारी छात्रों की गिरती सेहत को लेकर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इसी बीच, अनशनकारी छात्र राहुल (निवासी पलामू) की तबीयत अचानक अत्यधिक बिगड़ने के कारण उन्हें तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ICU में भर्ती कर इलाज शुरू किया है।


छात्र की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए SDO और SDM तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे और राहुल का हाल-चाल जाना। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों से स्वास्थ्य बुलेटिन की जानकारी ली और अस्पताल प्रबंधन को इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने तथा सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का कड़ा निर्देश दिया।


दूसरी ओर, अनशनकारी छात्र के ICU में भर्ती होने की सूचना मिलते ही राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी स्थिति का जायजा लेने सदर अस्पताल पहुंचे हैं। छात्रों के लगातार जारी इस आंदोलन और बिगड़ते स्वास्थ्य ने सरकार तथा प्रशासन पर दबाव बढ़ा दिया है।


आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।