प्रतीकात्मक तस्वीर


झारखंड JSSC CGL पेपर लीक मामले में CID की SIT ने कोडरमा और डोमचांच में छापेमारी कर संदीप कुमार और राजेश यादव को हिरासत में लिया है। जानिए पूरा मामला डिजिटल रिपोर्ट में।


कोडरमा / रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT/CID) की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में जांच की आंच अब कोडरमा जिले तक पहुंच गई है। CID की टीम ने गुरुवार की देर रात कोडरमा के दो अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है।

CID की एसआईटी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कोडरमा सदर थाना क्षेत्र और डोमचांच थाना क्षेत्र में एक साथ कार्रवाई की। देर रात हुई इस अचानक छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। टीम ने दोनों स्थानों से एक-एक युवक को हिरासत में लिया और शुरुआती पूछताछ के बाद दोनों को आगे की कड़ाई से पूछताछ के लिए अपने साथ रांची ले गई है।

हिरासत में लिए गए संदिग्धों की पहचान कोडरमा सदर थाना क्षेत्र निवासी संदीप कुमार और डोमचांच निवासी राजेश कुमार यादव के रूप में हुई , राजेश कुमार संदीप का मुख्य सहयोगी माना जा रहा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कोडरमा का रहने वाला संदीप कुमार लंबे समय से विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने का दावा करता था। वहीं, डोमचांच का राजेश कुमार यादव उसका करीबी साथी है, जो एक यूट्यूब चैनल चलाता है। आशंका जताई जा रही है कि यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया के जरिए अभ्यर्थियों से संपर्क साधा जाता था और फर्जीवाड़े के इस नेटवर्क को संचालित किया जाता था।

CID की टीम अब रांची में दोनों से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे इस बात का खुलासा होने की संभावना है कि CGL पेपर लीक सिंडिकेट में इनके तार कहां-कहां जुड़े हैं और इन्होंने कितने अभ्यर्थियों से पैसों का लेनदेन किया है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822