पटना के बंटी यादव हत्याकांड से गर्माई बिहार की राजनीति! जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने पीड़ित परिवार से मिलकर बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन पर बोला तीखा हमला। दोषियों की गिरफ्तारी और लापरवाह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने की मांग।
कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना।
राजधानी पटना के न्यू करबिगहिया इलाके में हुए बंटी कुमार यादव हत्याकांड ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। जन सुराज पार्टी के सूत्रधार और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रत्याशी प्रशांत किशोर (PK) गुरुवार को पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे। शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए पीके ने साफ शब्दों में कहा कि इस दुख की घड़ी में वे उनके साथ हैं और न्याय दिलाने के लिए हर संभव संघर्ष करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन की घोर लापरवाही पर कड़ा आक्रोश जताया।
पुलिस की ढुलमुल नीति ने ली मासूम की जान
मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने बताया, चार-पांच दिन पहले जब मैं यहां आया था, तब परिजन धरने पर बैठे थे और सड़क जाम थी। पुलिस ने हमारे और परिवार के सामने यह आश्वासन दिया था कि दो दिनों के भीतर लड़के को सकुशल ढूंढ लिया जाएगा। पुलिस के वादे पर भरोसा कर मां और भाई ने धरना समाप्त कर दिया। लेकिन कोतवाली और जक्कनपुर थाने की पुलिस ने पूरे दिन पीड़ित परिवार को थाने में बिठाए रखा और कोई मदद नहीं की। नतीजा यह हुआ कि चार दिन बाद आज उस बच्चे की लाश मिली।
पीके ने पीड़ित परिवार की तरफ से रखीं 3 बड़ी मांगें:
1. अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी: मामले में जो भी नामजद आरोपी हैं, उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त से सख्त सजा दी जाए।
2. लापरवाह पुलिसकर्मियों पर एक्शन: कोतवाली और जक्कनपुर थाने के जिन पुलिस पदाधिकारियों ने इस मामले में लापरवाही बरती, उन्हें तुरंत सस्पेंड किया जाए। बिना पुलिस की मिलीभगत के इलाके में अपराध संभव नहीं है।
3. मुआवजा और सरकारी नौकरी: पीड़ित बेहद साधारण परिवार से है, इसलिए उसकी पत्नी या घर के किसी योग्य सदस्य को सरकार तुरंत मुआवजा और सरकारी नौकरी दे।
मरे हुए व्यक्ति पर आरोप लगाने वाली पुलिस खुद हो सस्पेंड
प्रशांत किशोर ने पुलिस के उस रवैये पर भी तीखी आपत्ति जताई, जिसमें हत्या के बाद पीड़ित को शराब के धंधे से जुड़ा बताया जा रहा है। पीके ने गरजते हुए कहा, पुलिस अपनी नाकामी छुपाने के लिए मरे हुए व्यक्ति के चरित्र पर सवाल उठा रही है। अगर बंटी गलत था, तो पुलिस ने पहले उस पर कोई केस दर्ज क्यों नहीं किया? उसे गिरफ्तार क्यों नहीं किया? इसका सीधा मतलब है कि पुलिस की लापरवाही के कारण उसकी हत्या हुई है। सरकार और पुलिस को इसकी जवाबदेही लेनी होगी।
जाति और धर्म देखकर गोली मारने की राजनीति बंद हो
बिहार सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए पीके ने कहा कि बिहार में आज जो हालात हैं, वे सरकार के उस आपराधिक चरित्र का नतीजा हैं जहां 'जाति देखकर, गमछा देखकर और धर्म देखकर गोली मारो' जैसी मानसिकता को बढ़ावा मिल रहा है। जब सूबे का मुखिया ही ऐसे शब्दों का प्रयोग करेगा, तो अपराधियों के हौसले बुलंद होना लाजिमी है।
कंचन क्रांति वर्डिक्ट: बंटी यादव की हत्या ने एक बार फिर पटना पुलिस की मुस्तैदी और दावों की पोल खोल दी है। अब देखना यह है कि प्रशांत किशोर के इस कड़े रुख के बाद शासन और प्रशासन की नींद टूटती है या नहीं।
.........................................................................................................................
प्रशांत किशोर पटना, बंटी यादव हत्याकांड, जन सुराज पार्टी, प्रशांत किशोर का बयान, बिहार पुलिस, पटना मर्डर न्यूज़, बांकीपुर उपचुनाव, कंचन क्रांति बिहार।

